जब जडेजा कैमरा पर आए तो कमेंटेटर मांजरेकर ने पूछा- आप मुझसे बात करने में ठीक तो महसूस कर रहे हैं न जड्डू? इस पर जडेजा मुस्कुराने लगे और हंसते हुए उन्होंने जवाब दिया- हां, हां बिल्कुल। मुझे कोई दिक्कत नहीं। मांजरेकर से जडेजा की बातचीत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दरअसल, मांजरेकर ने कुछ साल पहले जडेजा को 'बिट्स एंड पिसेस प्लेयर' बताया था। 'बिट्स एंड पिसेस प्लेयर' का मतलब है वह खिलाड़ी जो खेल के हर डिपार्टमेंट में थोड़ा-थोड़ा अपना योगदान दे पाता है। इस बयान पर जडेजा भड़क गए थे और उन्होंने मांजरेकर को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जवाब भी दिया था। साथ ही बल्ले से भी खूब रन बनाए थे। अब एक बार फिर पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 35 रन की उपयोगी पारी खेली।
जडेजा ने इंटरव्यू में कहा- हम अंत तक खेलना चाहते थे। उनकी गेंदबाजी आक्रमण बेहतरीन है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज कोई मौका नहीं देते। मैं खेल खत्म कर सकता था। हालांकि, हार्दिक ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। खुश हूं कि वह अंत तक मैदान पर रहे।
एशिया कप 2022 के अपने पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में 147 रन बनाए। मोहम्मद रिजवान ने 43 रन की पारी खेली। भुवनेश्वर कुमार ने चार और हार्दिक पांड्या ने तीन विकेट लिए। जवाब में भारत ने कड़े मुकाबले को 19.4 ओवर में पांच विकेट से जीत लिया। हार्दिक ने छक्के के साथ मैच को खत्म किया।
भारत की ओर से विराट कोहली ने 35 रन, रवींद्र जडेजा ने 29 गेंदों में 35 रन और हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों में 33 रन की नाबाद पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नवाज ने तीन और नसीम शाह ने दो विकेट लिए। भारतीय टीम अब अपने अगले मैच में 31 अगस्त को हॉन्गकॉन्ग से भिड़ेगी। वहीं, पाकिस्तान की टीम दो सितंबर को हॉन्गकॉन्ग से भिड़ेगी।