कमेंट्री के दौरान विवादित टिप्पणी
पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश के मैच में सना मीर ने पाकिस्तान की बल्लेबाज नतालिया परवेज का जिक्र करते हुए कहा कि, "फातिमा सना बहुत युवा टीम की कप्तानी कर रही हैं। हां, उन्होंने क्वालिफायर जीता है, लेकिन इन खिलाड़ियों में से कई बिल्कुल नई हैं। नतालिया, जो कश्मीर से आती हैं...आजाद कश्मीर से...वह लाहौर में ज्यादा क्रिकेट खेलती हैं। उन्हें अपनी ज्यादातर क्रिकेट खेलने के लिए लाहौर आना पड़ता है।" यानी उन्होंने पहले नतालिया को कश्मीर से आने वाली खिलाड़ी बताया, लेकिन तुरंत ही खुद को सुधारते हुए विवादित और आपत्तिजनक बयान दे डाला और आजाद कश्मीर कह दिया। यही शब्द बवाल की असली वजह बना।
मामला क्यों संवेदनशील बना?
'आजाद कश्मीर' शब्द का इस्तेमाल पाकिस्तान की ओर से लंबे समय से किया जाता रहा है।
भारत पूरे जम्मू-कश्मीर, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) भी शामिल है, को अपना अभिन्न और संप्रभु हिस्सा मानता है। भारत सरकार के मुताबिक, पीओके पर पाकिस्तान का कब्जा अवैध है और इसे तुरंत खाली किया जाना चाहिए। भारत ने लगातार इस क्षेत्र को अपने भूभाग के रूप में स्वीकार किया है और संसद ने इस संबंध में प्रस्ताव भी पारित किया है। भारत पाकिस्तान से पीओके से अपनी सैन्य और प्रशासनिक मौजूदगी हटाने की मांग करता है और इस मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के लिए कूटनीतिक बातचीत को प्राथमिकता देता है। ऐसे में विश्व कप जैसी बड़ी प्रतियोगिता के दौरान सना मीर का इस शब्द का उपयोग करना सीधे-सीधे एक राजनीतिक संदेश माना गया। यही कारण है कि सोशल मीडिया पर उन्हें कठघरे में खड़ा किया गया।
सोशल मीडिया पर बवाल
सोशल मीडिया पर तो सना मीर का जबरदस्त विरोध हो रहा है। कई यूजर्स ने इसे राजनीतिक बयानबाजी बताया और आईसीसी से कार्रवाई की मांग की। भारत में तो खासकर इस टिप्पणी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। लोग कहने लगे कि सना मीर ने खेल को राजनीति से जोड़कर खेल भावना को ठेस पहुंचाई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) खेल में राजनीति को लाने का सख्त विरोध करता है। हालांकि, पाकिस्तानी अपनी शर्मनाक बयानबाजी से बाज नहीं आ रहे हैं। पुरुषों के एशिया कप में विवादित और आपत्तिजनक इशारे के बाद अब महिला वनडे विश्व कप में भी पाकिस्तान ने अपनी ओछी हरकत नहीं छोड़ी है।
नतालिया की प्रोफाइल का हवाला
सना मीर ने अपने बचाव में नतालिया परवेज की एक प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जो कि एक नामी क्रिकेट वेबसाइट का दिखाई पड़ता है। हालांकि, ये ओरिजनल है या फोटोशॉप इसकी पुष्टि नहीं है। उन्होंने कहा कि कमेंट्री से पहले वह खिलाड़ियों पर रिसर्च करती हैं और उसी रिसर्च के दौरान उन्हें यह जानकारी मिली थी। सना ने लिखा, 'मैं खिलाड़ियों की जानकारी के लिए जो स्रोत इस्तेमाल करती हूं, उसी का स्क्रीनशॉट भी संलग्न कर रही हूं। संभव है कि अब उसमें बदलाव किया गया हो, लेकिन मैंने जो कहा वह वहीं से लिया था।'
अपना दोष किसी और पर मढ़ा!
सना का यह स्क्रीनशॉट जिस वेबसाइट का है, वहां अब ऐसी कोई जानकारी नहीं दिख रही। अभी परवेज की प्रोफाइल देखने पर पाकिस्तान एडमिनिस्टर्ड कश्मीर दिखाई पड़ता है। सवाल तो यह भी उठता है कि सना मीर ने किसी और वेबसाइट पर प्रोफाइल क्यों चेक किया, जबकि नतालिया पाकिस्तान से खेलती हैं तो उन्हें इस टैलेंट के बारे में जानकारी नहीं थी? दूसरी बात यह है कि उन्होंने भले ही प्रोफाइल देखी हो लेकिन क्या उन्हें इस विवाद का पता नहीं था? इसके बावजूद उन्होंने यह बयानबाजी की और जानबूझकर बवाल खड़ा किया।