पाकिस्तान के युवा सलामी बल्लेबाज सईम अयूब टखने में चोट के कारण चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर होना पड़ा है। उन्हें चोट से उबरने के लिए कम से कम 10 हफ्ते तक रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसकी पुष्टि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने की।
10 हफ्तों के लिए बाहर हुए सईम
पीसीबी ने शुक्रवार को कहा कि सईम टखने के फ्रेक्चर से अच्छी तरह उबर रहे हैं और वह इंग्लैंड में रिहैबिलिटेशन जारी रखेंगे। उन्हें यह चोट जनवरी में दक्षिण अफ्रीका में लगी थी। बोर्ड ने कहा- 'एमआरआई स्कैन, एक्स रे और चिकित्सा जांच के बाद सईम चोट के समय (तीन जनवरी) से 10 हफ्तों के लिए बाहर हो गए हैं।' पीसीबी ने आगे बताया कि सईम की न्यूजीलैंड दौरे के लिए उपलब्धता भी फिटनेस जांच और चिकित्सा संबंधित जांच को पूरा करने के बाद ही तय होगी।
फखर जमां और फहीम अशरफ की हुई वापसी
आगामी टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान की टीम का एलान हो चुका है। फखर जमां और फहीम अशरफ की टीम में वापसी हुई है। फखर पिछले साल अक्तूबर में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के लिए सोशल मीडिया पोस्ट करने के बाद वापसी करने में सफल रहे हैं। वहीं, फहीम ने अंतिम बार 2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला था।
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान टीम इस प्रकार है...
बाबर आजम, फखर जमां, कामरान गुलाम, सऊद शकील, तैयब ताहीर, फहीम अशरफ, खुशदिल शाह, मोहम्मद रिजवान (कप्तान और विकेटकीपर), सलमान आघा (उपकप्तान), उस्मान खान (विकेटकीपर), अबरार अहमद, हारिस रऊफ, मोहम्मद हसनैन, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी।