भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर भारत के सभी अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) में शामिल करने का निवेदन किया है।
स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के दौरान खिलाड़ियों की मुश्किलों पर बात करते हुए राज्यसभा सांसद तेंदुलकर ने अपने पत्र में हॉकी ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता मोहम्मद शाहिद के अंतिम दिनों का उदाहरण दिया है।
तेंदुलकर ने 24 अक्तूबर को मोदी को पत्र में लिखा कि मैं संबंधित खिलाड़ी के रूप में अपने देश के सभी खिलाड़ियों की ओर से लिखते हुए आपसे आग्रह करता हूं कि आप हस्तक्षेप करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को सीजीएचएस सुविधाओं के पात्र खिलाड़ियों की सूची में शामिल करें। सीजीएचएस सुविधाओं का फायदा केंद्र सरकार के कर्मचारियों को मिलता है जो इससे जुड़े मेडिकल केंद्रों पर उपचार करा सकते हैं।
तेंदुलकर ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि वे इस मुद्दे को इससे पहले खेल मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय दोनों के साथ उठा चुके हैं। तेंदुलकर ने लिखा कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस विचार का समर्थन किया है लेकिन 14 सितंबर को अपने जवाब में सीजीएचएस योजना के तहत विस्तृत रुप से खिलाड़ियों पर विचार करने में अक्षमता जताई है।