टीम इंडिया के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर युवाओं को ऑनलाइन नि:शुल्क कोचिंग देने वाले हैं। इस नि: शुल्क सत्र में हर कोई शामिल हो सकता है। इसके ऑनलाइन बातचीत के जरिए लाखों युवाओं को फायदा होगा। भारत के ऑनलाइन लर्निंग मंच अनएकेडमी (Unacademy) ने घोषणा की कि उन्होंने महान बल्लेबाज तेंदुलकर के साथ एक रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस करार के तहत अनएकेडमी लनर्स (Unacademy Learners) को लाइव इंटरएक्टिव क्लासेस की एक सीरीज मिलेगी, जिसके माध्यम से महान बल्लेबाज द्वारा युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसे हर कोई अनएकेडमी प्लेटफॉर्म पर निःशुल्क उपलब्ध कर सकता है। दरअसल, सचिन तेंदुलकर को अनएकेडमी के लिए ब्रांड एंबेसडर के रूप में काम करने के लिए चुना गया है।
सचिन तेंदुलकर ने समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए कहा, 'मैं ऑनलाइन नि: शुल्क सत्र कर रहा हूं और कोई भी इसमें शामिल हो सकता है। पूरा विचार मेरे अनुभवों को साझा करने के बारे में है। मैंने बहुत सारे बच्चों के साथ शारीरिक रूप से बातचीत की है, लेकिन डिजिटल बातचीत पहली बार होगी।'
सचिन ने आगे कहा, 'यह विचार अब कुछ सौ युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह लाखों के पास जाएगा। यह हमारा लक्ष्य है और हर किसी के पास यह पहुंच होनी चाहिए और मुझसे सवाल पूछने में सक्षम होना चाहिए।'