सचिन रमेश तेंदुलकर ने अपने जीवन में एक और मील के पत्थर को हासिल कर लिया है। उन्हें अब मेंबर ऑफ ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया सम्मान से नवाजा जाएगा। इस बारे में जानकारी देते हुए ऑस्ट्रेलिया की प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड ने बताया कि भारत में क्रिकेट का पर्याय बन चुके सचिन तेंदुलकर को मेंबर ऑफ ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया सम्मान दिया जाएगा। यह एक ऐसा सम्मान है जो किसी गैर ऑस्ट्रेलियाई को मिलना अपने आप में एक बड़ी बात है।
39 वर्षीय सचिन जो इस समय दक्षिण अफ्रीका में चल रही चैंपियन लीग में खेल रहे है ऐसे दूसरे भारतीय होंगे जिन्हें यह सम्मान मिलेगा। इससे पहले यह अटॉर्नी जनरल सोली सोराबजी को दिया गया था। उन्हें यह सम्मान 2006 में द्विपक्षीय कानूनी संबंधों को लेकर दिया गया था।
गिलार्ड ने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंधों को मजबूत करने में क्रिकेट एक अहम भूमिका निभाता है और ये दोनों ही देश इस खेल के दीवाने है। मुझे यह कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि सचिन तेंदुलकर का नाम मेंबर ऑफ ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया सम्मान के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा यह हमारे लिए भी खास है कि हमने एक शानदार बल्लेबाज और स्पेशल क्रिकेटर को इसके लिए चुना है।