चुनाव अधिकारियों के साथ सचिन तेंदुलकर
- फोटो : सोशल मीडिया
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को चुनाव आयोग का नेशनल आइकन बनाया गया है। सचिन की जिम्मेदारी ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की होगी। राष्ट्रीय चुनाव आयोग के प्रमुख राजीव कुमार की मौजूदगी में सचिन को दिल्ली में यह नई जिम्मेदारी दी गई। दिल्ली में तेंदुलकर और चुनाव पैनल के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। तीन साल के समझौते के तहत तेंदुलकर मतदाताओं में जागरूकता फैलाएंगे।
आगामी लोकसभा चुनाव-2024 की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय चुनाव आयोग पूरे जोर शोर से जुटा हुआ है। चुनाव आयोग की ओर से वोटरों को ज्यादा से ज्यादा रिझाने और उनको प्रोत्साहित करने के लिए यह फैसला लिया गया है। चुनाव आयोग ने एक बयान में कहा, "यह सहयोग आगामी चुनावों, विशेष रूप से आम चुनावों (लोकसभा) 2024 में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए युवाओं के बीच तेंदुलकर के अद्वितीय प्रभाव का लाभ उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।"
इस साझेदारी के माध्यम से, चुनाव आयोग मतदान के प्रति शहरी और युवाओं की चुनौतियों का समाधान करना चाहता है। चुनाव आयोग मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध भारतीयों को अपने "राष्ट्रीय प्रतीक" के रूप में नामित करके उनके साथ जुड़ रहा है।
पिछले साल आयोग ने अभिनेता पंकज त्रिपाठी को नेशनल आइकन के रूप में मान्यता दी थी। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान एमएस धोनी, आमिर खान और मैरी कॉम जैसे दिग्गज चुनाव आयोग के राष्ट्रीय प्रतीक थे। अब इस बार क्रिकेट लीजेंड भारत रत्न से सम्मानित सचिन तेंदुलकर को नेशनल आइकॉन के रूप में चुना गया है। सचिन तेंदुलकर बुधवार को ईसीआई के साथ नेशनल आइकॉन के रूप में नई पारी की शुरुआत करेंगे। इसको लेकर नई दिल्ली स्थित रंग भवन, आकाशवाणी में कार्यक्रम आयोजित किया गया है।