'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को 47वें जन्मदिन के खास मौके पर मां के हाथों खास गिफ्ट मिला है। इस बात की जानकारी तेंदुलकर ने ट्वीट करके दी।
सचिन ने जन्मदिन के मौके पर मां से आशीर्वाद लेते हुए तस्वीर ट्वीट कर लिखा, 'मां से आशीर्वाद लेकर दिन को शुरू किया है। उन्होंने मुझे गणपति बप्पा की तस्वीर गिफ्ट में दी है, जो बिलकुल अनमोल है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भी इस खास मौके पर सचिन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। आईसीसी ने ट्वीट कर कहा, सचिन तेंदुलकर को जन्मदिन की बधाई, जो अब तक के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं।
बता दें कि सचिन तेंदुलकर ने 200 टेस्ट में 53.79 की औसत से 15921 और 463 वन-डे में 44.83 की औसत से 18426 रन बनाए हैं। उनके नाम टेस्ट में 51 जबकि वन-डे में 49 शतक है।