भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने डीआरएस (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) के एक नियम पर सवाल उठाते हुए उसमें बदलाव की मांग की है। तेंदुलकर ने आईसीसी से डीआरएस में अंपायर्स कॉल के निर्णय पर दोबारा से विचार करने को कहा है।
सिर्फ सचिन ही नहीं ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज शेन वॉर्न भी इस नियम पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने मैच में कमेंट्री करते वक्त कहा कि अगर एलबीडब्ल्यू के मामले में गेंद विकेट पर लगती है और उसे अंपायर्स कॉल के तहत आउट नहीं दिया जाता है तो यह गेंदबाज के साथ अन्याय है।
क्या होता है अंपायर्स कॉल?
अगर एलबीडब्ल्यू के अपील पर ऑन-फिल्ड अंपायर ने नॉट ऑउट दिया है और टीम ने रिव्यू ले लिया है। लेकिन थर्ड अंपायर के पास कोई ज्यादा साक्ष्य मौजूद नहीं हैं या गेंद 50 प्रतिशत से कम विकेट पर लगी है तो उसपर अंपायर्स कॉल के नियम के तहत ऑन-फिल्ड अंपायर का फैसला मान्य होता है। हालांकि इसमें रिव्यू लेने वाली टीम को डीआरएस का नुकसान नहीं होता है।