टी20 विश्व कप 2024 के तहत भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत पांच जून को आयरलैंड के खिलाफ मैच से करेगी। नौ जून को भारत और पाकिस्तान के बीच जबरदस्त इस टू्र्नामेंट का महामुकाबला खेला जाएगा। इससे पहले भारतीय फैंस को खुशखबरी मिल सकती है। इस मैच के लिए टीम इंडिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर न्यूयॉर्क पहुंच सकते हैं।
भारत-पाकिस्तान मैच में पहुंचेंगे सचिन?
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर नासाउ काउंटी मैदान पर खेले जाने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच का लुत्फ उठाने के लिए पहुंच सकते हैं। आईसीसी के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, "हां, अगर सब कुछ ठीक रहा, तो सचिन न्यूयॉर्क में मैच देखेंगे और भारतीय टीम का हौसला बढ़ाएंगे। हालांकि, यह तय नहीं है कि वह खेल से पहले खिलाड़ियों से मिलेंगे या नहीं, लेकिन स्टैंड में उनकी उपस्थिति निश्चित रूप से सबसे महत्वपूर्ण ग्रुप लीग असाइनमेंट में रोहित शर्मा और उनकी टीम के लिए मनोबल बढ़ाने वाली होगी।"
आयरलैंड से पहले एक जून को बांग्लादेश से भिड़ेगा भारत
टी20 विश्व कप 2024 का आगाज एक जून से होगा। अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में होने जा रहे इस टू्र्नामेंट से पहले कुछ टीमें वॉर्म-अप मैच खेलेंगी। भारतीय टीम एक जून को न्यूयॉर्क में बांग्लादेश के खिलाफ अपना एकमात्र वॉर्म-अप मुकाबला खेलेगी। रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया नाजमुल हसन शांतो की टीम के खिलाफ न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलती नजर आएगी।