जय शाह ने ट्वीट में लिखा- मुझे बहुत खुशी हो रही है कि भारत रत्न सचिन तेंदुलकर और BCCI के पदाधिकारी एक फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम साढ़े छह बजे विजयी भारतीय महिला अंडर-19 टीम को सम्मानित करेंगे। युवा क्रिकेटरों ने भारत को गौरवान्वित किया है और हमारे लिए जरूरी है कि हम उनकी उपलब्धियों का सम्मान करें।
सचिन तेंदुलकर और जय शाह
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत की महिला अंडर -19 टीम ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में टी20 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर विश्व कप जीता। यह महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप का पहला संस्करण था। उसके तुरंत बाद जय शाह ने एक फरवरी को अहमदाबाद में भारत-न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टी20 को देखने के लिए टीम को आमंत्रित किया था। इस जीत के साथ ही महिला क्रिकेट में ट्रॉफी के लिए भारत का लंबा इंतजार खत्म हुआ।
शाह ने ट्वीट किया था- मैं शेफाली वर्मा और उनकी विजयी टीम को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हमारे साथ जुड़ने और एक फरवरी को तीसरा टी20 मैच देखने के लिए आमंत्रित करता हूं। यह बड़ी उपलब्धि निश्चित रूप से जश्न की मांग करती है।