सचिन तेंदुलकर नवंबर में अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को लेकर भविष्य की नीतियों का खुलासा कर सकते हैं। एक निजी न्यूज चैनल को दिए गए इंटरव्यू में सचिन ने इस बात का खुलासा किया है। सचिन के मुताबिक अब उनकी उम्र ज्यादा हो गई है और वे नवंबर में अपने प्रदर्शन के आधार पर आगे खेलने का फैसला करेंगे। गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम नवंबर में इंग्लैंड के खिलाफ क्रिकेट सीरीज खेलेगी।
चैनल को दिए गए इंटरव्यू में सचिन ने कहा, 'लोग मेरे लगातार तीन बार बोल्ड होने पर सवाल खड़े कर रहे हैं और यह स्वाभाविक है। अगर मैं 25 साल की उम्र में लगातार तीन बार बोल्ड हुआ होता तो कोई मेरे संन्यास की बात नहीं करता, लेकिन 39 साल की उम्र में तीन बार बोल्ड होने पर सवाल उठना लाजिमी है।
सचिन ने कहा, 'अब मैं 39 साल का हो चुका हूं, इसलिए संन्यास के बारे में सोचना कोई अनोखी बात नहीं है।' साथ ही सचिन ने कहा कि वे इस मामले में अपने दिल की सुनेंगे। उन्होंने कहा, 'फिलहाल मेरा दिल कहता है कि मैं फिट हूं, लेकिन मैं हर सीरीज के बाद इस पर सोचूंगा और अपने प्रदर्शन के आधार पर फैसला करूंगा। जब तक मुझे लगेगा कि मैं प्रदर्शन कर पा रहा हूं मैं खेलना जारी रखूंगा।' सचिन ने इस इंटरव्यू में अपने जीवन से संबंधित और सफलताओं को लेकर भी कई राज खोले।