22 वर्षीय ब्रेविस को प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 16.5 मिलियन रैंड (करीब 8.3 करोड़ रुपये) में खरीदा। वहीं, प्रोटियाज टी20 कप्तान मार्करम को डरबन सुपरजाएंट्स ने 14 मिलियन रैंड (करीब 7 करोड़ रुपये) में अपने साथ जोड़ा।
जोहानिसबर्ग में मंगलवार (10 सितंबर) को हुए दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग के चौथे सीजन की नीलामी में दक्षिण अफ्रीका के दो शीर्ष बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस और एडेन मार्करम ने इतिहास रच दिया। दोनों खिलाड़ियों ने अब तक की सभी नीलामियों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे महंगे खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।
विज्ञापन
22 वर्षीय ब्रेविस को प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 16.5 मिलियन रैंड (करीब 8.3 करोड़ रुपये) में खरीदा। वहीं, प्रोटियाज टी20 कप्तान मार्करम को डरबन सुपरजाएंट्स ने 14 मिलियन रैंड (करीब 7 करोड़ रुपये) में अपने साथ जोड़ा। इससे पहले दक्षिण अफ्रीकी टी20 लीग की नीलामी का सबसे बड़ा रिकॉर्ड ट्रिस्टन स्टब्स के नाम था। उन्हें 2022 की पहली नीलामी में 9.2 मिलियन रैंड (करीब 4.6 करोड़ रुपये) में खरीदा गया था। अब ब्रेविस और मार्करम ने इस रिकॉर्ड को तोड़कर नए आयाम स्थापित किए हैं।
गांगुली की मौजूदगी में ब्रेविस की बड़ी बोली
प्रिटोरिया कैपिटल्स के नए हेड कोच और भारतीय दिग्गज सौरव गांगुली ने खुद ब्रेविस को खरीदने के लिए बोली लगाई। गांगुली ने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे। वह बेहद शानदार प्रतिभा हैं। पिछले डेढ़ साल में उनके खेल में काफी सुधार हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने दिखा दिया कि वह गेम-चेंजर हैं और यही टी20 क्रिकेट की जरूरत है।'
गांगुली ने कहा, 'मेरे लिए पैसे मायने नहीं रखते। मैं मानता हूं कि वह शानदार खिलाड़ी हैं। वह स्पिन को बेहतरीन खेलते हैं और इसी वजह से इतनी ऊंची कीमत पर गए।' ब्रेविस मूल रूप से प्रिटोरिया के ही रहने वाले हैं और वह तीन सीजन तक MI केप टाउन के लिए खेलने के बाद अब अपने घरेलू मैदान सेंचुरियन लौटेंगे।
मार्कराम की खींचतान, डरबन ने मारी बाजी
ब्रेविस की खरीदारी के महज 12 मिनट पहले एडेन मार्करम की बोली लगी। डरबन सुपरजाएंट्स (DSG) ने उन्हें 14 मिलियन रैंड में खरीदा। मार्करम को पहले उनकी पुरानी टीम सनराइजर्स ईस्टर्न केप रखने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने राइट टू मैच (RTM) कार्ड का इस्तेमाल कर शुरुआती 12.4 मिलियन रैंड तक की बोली मिलाई, लेकिन डरबन ने 1.6 मिलियन रैंड और बढ़ाकर उन्हें अपने साथ जोड़ लिया।
SA20 कमिश्नर की प्रतिक्रिया
नीलामी के बाद SA20 लीग कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने कहा, 'मैं पैसों की चर्चा से बचना चाहता हूं, लेकिन यह देखना शानदार है कि दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट में इतना बड़ा निवेश हुआ है। फ्रेंचाइजी अब अपने खिलाड़ियों के पीछे मजबूती से खड़ी हैं। खिलाड़ियों ने पिछले कुछ वर्षों में शानदार प्रदर्शन किया है और वही उनकी ऊंची कीमत का कारण है।'
अन्य बड़ी खरीदारी
जोहानिसबर्ग सुपर किंग्स ने ऑलराउंडर वियान मुल्डर को 9 मिलियन रैंड (करीब 4.5 करोड़ रुपये) में खरीदा। इसके अलावा लेफ्ट-आर्म सीमर नांद्रे बर्गर को 6.3 मिलियन रैंड (करीब 3.1 करोड़ रुपये) में अपने साथ जोड़ा। कुल मिलाकर छह फ्रेंचाइजियों ने 129.3 मिलियन रैंड (करीब 65 करोड़ रुपये) खर्च कर 84 खिलाड़ियों को खरीदा। इनमें से अकेले 116.9 मिलियन रैंड (करीब 59 करोड़ रुपये) सिर्फ दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों पर खर्च हुए। खास बात यह रही कि 12 अंडर-23 खिलाड़ियों पर 22.8 मिलियन रैंड (करीब 11.4 करोड़ रुपये) की भारी बोली लगी।
युवा खिलाड़ियों में निवेश
डरबन सुपरजाएंट्स ने उभरते तेज गेंदबाज क्वेना माफाका को 2.3 मिलियन रैंड (करीब 1.1 करोड़ रुपये) में खरीदा। वहीं जोहानिसबर्ग सुपर किंग्स ने जान्को स्मिट को, प्रिटोरिया कैपिटल्स ने बायंडा माजोला को और पार्ल रॉयल्स ने जे.जे. बासन को अपने साथ जोड़कर उन्हें पहली बार SA20 का हिस्सा बनाया। पूर्व कप्तान और SA20 कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने कहा, 'यह अभूतपूर्व निवेश है। खासकर अंडर-23 खिलाड़ियों में 22 मिलियन रैंड से ज्यादा का निवेश हुआ है, जो वाकई अद्भुत है। इससे साफ है कि दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।'