दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग एसए20 के आगामी सीजन के लिए विदेशी खिलाड़ियों में सूची में भारतीयों का नाम नहीं होने से हैरानी हुई थी। अब लीग के आयुक्त ग्रीम स्मिथ ने इस बारे में जानकारी दी है कि किस कारण भारतीय खिलाड़ियों का नाम सूची में शामिल नहीं था। लीग के आगामी सत्र के लिए नौ सितंबर को जोहानिसबर्ग में होने वाली नीलामी की सूची में 241 विदेशी और 308 स्थानीय खिलाड़ी है। नीलामी में 25 विदेशी और दक्षिण अफ्रीका के 59 खिलाड़ियों की जगह के लिए बोली लगेगी।
इन भारतीयों ने कराया था पंजीकरण
एसए20 की नीलामी के लिए पंजीकरण कराने वाले भारतीय खिलाड़ियों में पीयूष चावला, सिद्धार्थ कौल, अंकित राजपूत, सरुल कंवर, अनुरीत सिंह कथूरिया, अंसारी मारौफ, महेश अहीर, निखिल जागा, मोहम्मद फैद, केएस नवीन, इमरान खान, वेंकटेश गैलीपल्ली और अतुल यादव शामिल थे। इन में कोई भी खिलाड़ी हालांकि अंतिम सूची में जगह बनाने में विफल रहा।
एसए20 लीग के आयुक्त ग्रीम स्मिथ ने कहा कि उपलब्धता को लेकर स्पष्टता की कमी के कारण आगामी सत्र के लिए विदेशी खिलाड़ियों की नीलामी सूची में भारतीय खिलाड़ियों के नाम नहीं है। स्मिथ ने कहा, भारतीय खिलाड़ियों की स्थिति हमेशा अस्थिर होती है, यह इस पर निर्भर करता है कि कौन संन्यास ले रहा है और कौन उपलब्ध है। मुझे लगता है कि नीलामी की लंबी सूची में 13 या 14 भारतीय खिलाड़ी थे।
विदेशी लीग में खेलने की अनुमति नहीं देता बीसीसीआई
बीसीसीआई आईपीएल की विशिष्टता बनाए रखने के लिए सक्रिय भारतीय क्रिकेटरों को विदेशी लीग में खेलने की अनुमति नहीं देता है। विदेशी लीग में खेलने के लिए खिलाड़ियों को पहले भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास और फिर बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना होता है। रविचंद्रन अश्विन भी इसी श्रेणी में आते हैं, लेकिन हाल में आईपीएल से संन्यास लेने वाले इस ऑफ स्पिनर ने इसी समय होने वाली यूएई की आईएलटी20 के लिए पंजीकरण कराया है।