कप्तान शान मसूद के नाबाद शतक और बाबर आजम के साथ उनकी बड़ी साझेदारी की मदद से पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शानदार वापसी की है। टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को फॉलोऑन खेलते हुए पाकिस्तान की टीम ने ठोस शुरुआत करके एक विकेट पर 213 रन बनाए।
मसूद 166 गेंद पर 102 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने और बाबर आजम (124 गेंद पर 81 रन) ने पारी का आगाज करते हुए पहले विकेट के लिए 205 रन जोड़े। तेज गेंदबाज मार्को यानसेन ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने से कुछ पहले बाबर को आउट किया। स्टंप्स होने के समय मसूद के साथ नाइटवॉचमैन खुर्रम शहजाद आठ रन पर खेल रहे थे।
हालांकि, पाकिस्तान को पारी की हार से बचने के लिए अब भी 208 रन की जरूरत है क्योंकि उसकी टीम दक्षिण अफ्रीका के 615 रन के जवाब में पहली पारी में 194 रन पर आउट हो गई थी। पाकिस्तान ने तीसरे दिन सुबह अपनी पहली पारी तीन विकेट पर 64 रन से आगे बढ़ाई, लेकिन बाबर आजम (58) और मोहम्मद रिजवान (46) को छोड़कर उसका कोई भी अन्य बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे पाया। इसकी वजह से टीम को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से पहली पारी में कगिसो रबाडा ने तीन, जबकि केशव महाराज और क्वेना मफाका ने दो दो विकेट लिए। बाबर और रिजवान के अलावा कप्तान मसूद ने पहली पारी में दो रन, कामरान गुलाम ने 12 रन, सलमान आगा ने 19 रन, आमेर जमाल ने 15 रन, खुर्रम शहजाद ने 14 रन, मीर हमजा ने 13 रन बनाए। सऊद शकील खाता नहीं खोल सके। वहीं, सैम अयूब रिटायर्ड हर्ट हुए। वह सीरीज से ही बाहर हो चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका पहला टेस्ट मैच जीत कर जून में लॉर्ड्स में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना चुका है जहां उसका सामना आस्ट्रेलिया से होगा।