इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स पिता की तबीयत में सुधार होने के बाद बुधवार को टीम के साथ जुड़ गए और अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। इंग्लैंड की टीम यहां सुपर स्पोटर्स पार्क में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में भिड़ेगी।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि स्टोक्स के पिता गेड अब भी जोहानिसबर्ग के अस्पताल में गहन चिकित्सा कक्ष में है लेकिन इलाज का सकारात्मक असर हुआ है। उनकी स्थिति स्थिर है। गेड टेस्ट मैच देखने के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंचे थे लेकिन उन्हें सोमवार को गंभीर बीमारी के बाद जोहानिसबर्ग के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पिता के साथ मौजूद रहने के कारण स्टोक्स ने मंगलवार को अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया था। बीमारी के कारण अभ्यास मैच से दूर रहने वाले तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड और जोफरा आर्चर स्वस्थ हो गए हैं।
वहीं इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में उतरते ही 150 टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो जाएंगे। वह गुरुवार से मेजबान साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रहे टेस्ट मैच में हिस्सा लेकर यह उपलब्धि हासिल करेंगे। एंडरसन इस मुकाम को हासिल करने वाले दुनिया के नौंवें और इंग्लैंड के दूसरे क्रिकेटर बनेंगे।