इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स एक बार फिर से अपने दुर्व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे और आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन स्टोक्स ने फैंस के साथ बदतमीजी की और उन्हें अपशब्द भी कहे। यही वजह है कि अब आईसीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्टोक्स को लेवल एक को तोड़ने के तहत दोषी पाया है और उनपर कार्रवाई करते हुए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। साथ ही उन्हें एक डीमेरिट अंक भी दिए हैं।
स्टोक्स को आईसीसी की आचार संहिता की धारा 2.3 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अपशब्द इस्तेमाल करने से जुड़ा हुआ है। दरअसल स्टोक्स जोहान्सबर्ग टेस्ट के पहले दिन 46वें ओवर में अपना विकेट गंवाने के बाद पवेलियन जाते समय दर्शकों से उलझ गए और उन्हें अपशब्द कहे, हालांकि स्टोक्स ने बाद में इसके लिए माफी भी मांग ली थी।
स्टोक्स ने अपनी गलती मानते हुए सजा को स्वीकार कर लिया है। लेवल एक को तोड़ने पर खिलाड़ी को चेतावनी या मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत जुर्माना और या फिर एक से दो डी मेरिट अंक का प्रावधान होता है।