विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 का खिताब जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने चोकर्स का दाग धुल लिया। तेम्बा बावुमा के नेतृत्व में टीम डब्ल्यूटीसी का तीसरा खिताब जीतने वाली टीम बनी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2021-23 सत्र का खिताब जीता था। वहीं, 2019-21 सत्र का खिताब न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर अपने नाम किया था। इस जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने आलोचकों को जमकर लताड़ लगाई।
आलोचकों को रबाडा ने दिया मुंहतोड़ जवाब
फाइनल मैच के बाद रबाडा ने अपनी टीम की तारीफ की और खुशी जताई। उन्होंने कहा- 'मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि मैं इस समय कैसा महसूस कर रहा हूं। बेहद खुश हूं। हमने पूरे सीजन में अच्छा खेला। हम इस स्थिति में आने के हकदार थे।' इस दौरान 30 वर्षीय गेंदबाज ने आलोचकों को भी लताड़ लगाई। उन्होंने कहा- 'कुछ लोग कह रहे थे कि हमने विरोधियों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, लेकिन मुझे लगता है कि यह बकवास है।'
रबाडा को मिले नौ विकेट
लॉर्ड्स में खेले गए ऐतिहासिक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कुल नौ विकेट झटके। पहली पारी में रबाडा को कुल पांच विकेट मिले और दूसरी पारी में उन्होंने चार बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। रबाडा ने उपविजेता ऑस्ट्रेलिया की तारीफ की। उन्होंने आगे कहा- 'ऑस्ट्रेलिया वाकई एक मजबूत टीम है और हमें उन्हें हराने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। पिछले चार दिन घरेलू मैच की तरह लगे। आप सभी का धन्यवाद।'
मार्करम ने मचाया धमाल
दक्षिण अफ्रीका को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जिताने में सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम का अहम योगदान रहा। उन्होंने 282 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान तेम्बा बावुमा के साथ 147 रनों की साझेदारी निभाई और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। पहली पारी में शून्य पर लौटे मार्करम ने दूसरी पारी में शानदार वापसी की और 207 गेंदों में 136 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 14 चौके निकले।
प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए मार्करम
मार्करम को उनके मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले के बाद जब उनसे महत्वपूर्ण पारी खेलने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा- 'बिलकुल नहीं। पहली पारी को देखें तो अजीब लगता है कि चीजें कैसे काम करती हैं। आखिरकार किस्मत साथ देती है और यह काम कर जाती है। हां, ऐसा होगा। लॉर्ड्स एक ऐसी जगह है जहां हर टेस्ट क्रिकेटर खेलना चाहता है। बहुत सारे दक्षिण अफ्रीकी प्रशंसक वहां थे और यह उन विशेष दिनों में से एक था।'
इस दौरान मार्करम ने कप्तान बावुमा की तारीफ की। उन्होंने आगे कहा- 'इसका बहुत कुछ उनसे (बावुमा) मिला, उन्होंने हमेशा आगे से नेतृत्व किया है, रन बनाने का तरीका ढूंढा है और इस तरह की पारियां ऐसी होती हैं जिनके लिए लोग आपको याद रखेंगे।'
मैच में क्या हुआ?
दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2023-25 का खिताब अपने नाम कर लिया। लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर गत विजेता ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने ब्यू वेबस्टर और स्टीव स्मिथ की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 212 रन बनाए थे। इस दौरान कगिसो रबाडा ने कुल पांच विकेट हासिल किए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 138 रन पर समाप्त हो गई थी, जिससे ऑस्ट्रेलिया को 74 रन की बढ़त मिल गई। इस दौरान कप्तान पैट कमिंस ने कुल छह विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में मिचेल स्टार्क की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत 207 रन बनाए और 281 रनों की कुल बढ़त हासिल की। 282 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने चौथे दिन एडेन मार्करम की शतकीय और कप्तान तेम्बा बावुमा की अर्धशतकीय पारी के दम पर पांच विकेट खोकर 282 रन बनाए और खिताब अपने नाम कर लिया।