IPL में हरभजन-श्रीसंथ विवाद किसी से छिपा नहीं। 2008 के सीजन में बीच मैदान पर हुए झगड़े में भज्जी ने श्रीसंत को झापड़ रसीद कर दिया था। जिसके बाद श्रीसंथ की रोते हुए तस्वीर जमकर वायरल हुई थी। बीते कुछ दिन में श्रीसंथ की एक और तस्वीर वायरल हो रही है। मगर इस बार श्रीसंथ रोते हुए नहीं बल्कि दूसरे अवतार में ही नजर आ रहे हैं।
श्रीसंथ की यह फोटो देखकर हर कोई हैरान है। जिम में जमकर पसीना बहाने के बाद श्रीसंथ ने फौलादी बॉडी बना ली है। श्रीसंथ की भुजाएं, सीना और सिक्स पैक एब्स देख कोई भी दांते तले अंगुलियां चबा देगा। इस तस्वीर को शेयर कर लोग अब सोशल मीडिया पर हरभजन के जमकर मजे ले रहे हैं।
सोशल मीडिया पर चुटकी लेते हुए एक फैन ने भज्जी को श्रीसंथ से दोबारा पंगा न लेने की नसीहत दे डाली तो किसी ने फिल्मी अंदाज में मजे लिए।
आपको बता दें कि यह बदला रूप उन्होंने अपनी आने वाली कन्नड़ फिल्म 'केम्पेगोडा 2' के लिए किया है। 2013 आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग का आरोप लगने के बाद श्रीसंथ फिल्मों में भी हाथ आजमा रहे हैं। श्रीसंथ ने भारत के लिए 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 टी-20 मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट में 87, वनडे में 75 और टी-20 में 7 विकेट हासिल किए।