आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले 15 साल के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेशक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक डेब्यू नहीं किया है। लेकिन, आईपीएल और अंडर-19 और भारत ए के लिए खेलते हुए अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर पूरी दुनिया में अपने प्रशंसक बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान और आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की कमान संभाल रहे पैट कमिंस सूर्यवंशी के नए फैन बॉय बन गए हैं।
सनराइजर्स के खिलाफ वैभव ने जड़ा था शतक
आईपीएल 2026 में शनिवार को शाम का मुकाबला जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। सनराइजर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। राजस्थान के लिए पारी की शुरुआत करने आए वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों पर शतक लगा दिया। वैभव ने 37 गेंदों की अपनी पारी में 12 छक्के और पांच चौके लगाते हुए 103 रन की पारी खेली। इसी पारी की बदौलत राजस्थान 228 रन बना सकी। सनराइजर्स ने पांच विकेट पर 229 रन बनाकर नौ गेंद शेष रहते हुए मैच पांच विकेट से जीत लिया।
सनराइजर्स ने बेशक मैच जीत लिया था, लेकिन वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से विपक्षी टीम के कप्तान पैट कमिंस को अपना फैन बना लिया। कमिंस ने कहा, वैभव मेरा नया पसंदीदा खिलाड़ी है। उन्हें बल्लेबाजी करते देखना काफी शानदार और मनोरंजक है। वह बहुत शानदार है। उनके करियर की शानदार शुरुआत हुई है और उन्हें बहुत आगे जाना है। उनमें अकेले दम पर मैच छीन लेने की क्षमता है।
आईपीएल 2026 में कमिंस ने खेला पहला मैच
पैट कमिंस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़े, सफल और सम्मानित कप्तान के रूप में जाने जाते हैं। उनकी प्रशंसा वैभव के लिए निश्चित रूप से उत्साहजनक है। कमिंस ने शनिवार को आईपीएल 2026 का अपना पहला मैच खेला। उनकी टीम में मौजूदगी ने निश्चित तौर पर सनराइजर्स की गेंदबाजी को मजबूत किया है। राजस्थान के खिलाफ कमिंस ने चार ओवर में मात्र 27 रन देकर कप्तान रियान पराग का विकेट लिया था।