अंक तालिका का हाल
यहां से राजस्थान की टीम अधिकतम चार अंक हासिल कर सकती है, जबकि बैंगलोर के तीन मैच बचे हैं और वह छह अंक हासिल कर सकते हैं। हालांकि, दोनों में से किसी एक ही टीम के पास पूरे अंक हासिल करने का मौका रहेगा। अंक तालिका का जो मौजूदा हाल है, उसमें ऐसा माना जा रहा है कि 16 से कम अंक पाने वाली टीम के लिए प्लेऑफ में पहुंच पाना मुश्किल होगा। गुजरात के 12 मैचों के बाद 16 अंक, चेन्नई के इतने ही मैचों में 15 अंक और मुंबई के 12 मैचों के बाद 14 अंक हैं। लखनऊ के 12 मैचों में 13 अंक हैं। गुजरात और चेन्नई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए सिर्फ एक जीत की जरूरत है। ऐसे में बाकी दो स्पॉट के लिए सात टीमों के बीच टक्कर है। दिल्ली कैपिटल्स इस दौड़ से बाहर हो चुकी है।
दोनों टीमों के आंकड़े
राजस्थान बनाम बैंगलोर
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान और बैंगलोर की टीमें अब तक 29 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से आरसीबी ने 14 और राजस्थान ने 12 मुकाबले जीते हैं। तीन मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। हालांकि, जयपुर में यह आंकड़ा उलट है, यानी राजस्थान ने ज्यादा मैच जीते हैं। जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में दोनों टीमें सात बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से चार मैच राजस्थान ने और तीन मैच बैंगलोर ने जीते हैं। दोनों टीमों के बीच हुए पिछले पांच मैचों में से राजस्थान ने दो और बैंगलोर ने तीन मुकाबले जीते हैं। दोनों टीमें इस सीजन बैंगलोर (23 अप्रैल) में भी आमने-सामने आ चुकी हैं। तब बैंगलोर ने राजस्थान को सात रन से हराया था।
राजस्थान की टीम का हाल
पिछले सात में से पांच मैच हार चुकी राजस्थान की टीम का कमजोर पक्ष उनकी तेज गेंदबाजी रही है। अच्छा स्कोर बनाने के बावजूद टीम के तेज गेंदबाज रन लुटा रहे हैं। युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज स्पिनर एक छोर से विकेट ले रहे हैं, लेकिन दूसरे छोर से ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा समेत कुछ अन्य तेज गेंदबाज रन लुटा रहे हैं। ऐसे में राजस्थान को अगर प्लेऑफ में पहुंचना है तो गेंदबाजों को लगाम लगाना होगा। बल्लेबाजी में जोस बटलर अब तक कुछ खास फॉर्म में नहीं दिखे हैं। वहीं, दूसरी छोर से यशस्वी जायसवाल टीम के लिए सुपरस्टार बनकर उभरे हैं। कप्तान संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल और शिमरोन हेटमायर भी अच्छे फॉर्म में हैं। जो रूट को अब तक बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला है। ऐसे में वह भी अपनी उपयोगिता साबित करने के लिए बेताब होंगे।
बैंगलोर की टीम का हाल
वहीं, बैंगलोर के लिए इस सीजन की कहानी भी पहले के 15 सीजन की तरह रहा है। टीम ने पिछले चार में से तीन मैच गंवाए हैं। राजस्थान की तरह बैंगलोर की भी समस्या उनकी गेंदबाजी रही है। कप्तान फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के बल्ले से निरंतर रन आ रहे हैं, लेकिन विराट कोहली अब तक कंसिस्टेंट नहीं रहे हैं। वह एक मैच में रन बनाते हैं तो दूसरे में उनका बल्ला खामोश रहता है। मध्यक्रम में महिपाल लोमरोर फॉर्म में हैं, लेकिन केदार जाधव, अनुज रावत और दिनेश कार्तिक को भी रन बनाने होंगे। गेंदबाजी बैंगलोर का कमजोर पक्ष है और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उन्हें इसमें सुधार करनी होगी। मोहम्मद सिराज के अलावा आरसीबी के लिए कोई गेंदबाज कुछ खास नहीं कर सका है।
इस मैच में बन सकते हैं कुछ खास रिकॉर्ड
फाफ डुप्लेसिस को आईपीएल में 4000 रन के क्लब में प्रवेश करने के लिए 21 रनों की जरूरत है। वह 2023 सीजन में 50 का आंकड़ा पार करने से भी पांच चौके दूर हैं। यशस्वी जायसवाल को डुप्लेसिस से आगे निकलने और ऑरेंज कैप हथियाने के लिए सिर्फ दो रन चाहिए। जोस बटलर को इस साल 400 रन के क्लब में शामिल होने के लिए आठ रन चाहिए। वह टूर्नामेंट में करियर के 150 छक्कों से भी सिर्फ एक छक्का दूर हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, अनुज रावत, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), केदार जाधव, वानिंदु हसरंगा, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान, विकेटकीपर), जो रूट, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, आर अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा, केएम आसिफ, युजवेंद्र चहल।