आईपीएल 2025 में शनिवार को डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के एमवाईएस क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा, जबकि टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा। पंजाब की टीम जीत की रथ पर सवार है और उसने अपने दोनों मैच जीते हैं। आज टीम जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी। वहीं, राजस्थान रॉयल्स शुरुआती दो मैच गंवाने के बाद चेन्नई के खिलाफ पिछले मैच में जीत की पटरी पर लौटी। संजू सैमसन को विकेटकीपिंग करने के लिए क्लीयरेंस मिल चुकी है और वह बतौर कप्तान आज के मैच में वापसी करेंगे।
खराब फॉर्म में चल रहे यशस्वी पर निगाहें
इस मैच सभी की निगाहें खराब फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल पर टिकी रहेंगी। लह मैदान के बाहर की घटनाओं के बजाय अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरना चाहेंगे। यशस्वी हाल में तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने मुंबई की टीम के अपने एक सीनियर साथी के साथ कथित मतभेदों के कारण घरेलू क्रिकेट में गोवा की तरफ से खेलने का फैसला किया। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज आईपीएल में अभी तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। उन्होंने दिन मैच में केवल 34 रन बनाए हैं जिसका उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स पर काफी प्रभाव पड़ रहा है।
सैमसन की अंगुली में चोट के कारण राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को पहले तीन मैच के लिए कप्तान नियुक्त किया था। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि यशस्वी को यह फैसला भी पसंद नहीं आया था कि उन पर पराग को तरजीह दी गई। हालांकि, यह बात किसी से छुपी नहीं है कि जायसवाल आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में बड़ी भूमिका निभाना चाहते हैं, लेकिन अभी उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करना होगा क्योंकि आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में फॉर्म बद से बदतर होने में देर नहीं लगती।
पंजाब के कप्तान श्रेयस शानदार फॉर्म में
राजस्थान के लिए सबसे बड़ी चुनौती पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर होंगे जिन्होंने लगातार दो अर्धशतक जमा कर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया है। वह लंबे शॉट खेलने से नहीं हिचकिचा रहे हैं। इसका सबूत यह है कि उन्होंने अभी तक केवल दो मैच में 13 छक्के लगाए हैं। श्रेयस ने आईपीएल 2024 में 16 मैच में इतने छक्के लगाए थे। यही नहीं श्रेयस ने अपने कप्तानी कौशल का भी शानदार नमूना पेश किया है। उन्होंने पहले दो मैच में जिस तरह से ग्लेन मैक्सवेल का स्पिन गेंदबाज के रूप के रूप में इस्तेमाल किया, वह सराहनीय है।
राजस्थान के गेंदबाजों को कसी हुई गेंदबाजी करनी होगी
जहां तक राजस्थान रॉयल्स का सवाल है तो संजू सैमसन की कप्तान के रूप में वापसी से उसकी टीम का हौसला बढ़ेगा, लेकिन पंजाब किंग्स के विजयी अभियान पर रोक लगाने के लिए उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। साथ ही गेंदबाजों को भी सधी हुई गेंदबाजी करनी होगी। चेन्नई के मैच को छोड़ दिया जाए तो जोफ्रा आर्चर काफी महंगे साबित हुए हैं। वहीं, टीम के बाकी तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा भी काफी महंगे साबित हुए हैं। इन सभी को कसी लाइन लेंथ पर गेंदबाजी करनी होगी। साथ ही महीश तीक्षणा को विकेट निकालने होंगे।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, सूर्यांश शेडगे, मार्को यानसेन, लोकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह। नेहल वढेरा/हरप्रीत बराड़ में से कोई एक इम्पैक्ट सबस्टीट्यूट हो सकता है।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), नीतीश राणा, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महीश तीक्षणा, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे। कुमार कार्तिकेय इम्पैक्ट सब्सटीट्यूट हो सकते हैं।
आइए जानते हैं पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 मैच से जुड़ी सारी जानकारियां...
पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब खेला जाएगा?
पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला 05 अप्रैल यानी शनिवार को खेला जाएगा।
पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कहां खेला जाएगा?
पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराज यदवींद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब शुरू होगा?
पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा।
पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा।
पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
पंजाब और राजस्थान के बीच आईपीएल 2025 के मैच को ऑनलाइन जियोहॉटस्टार (JioHotstar) एप पर देखा जा सकता है। इसके साथ ही मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स Amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।