खलील के पहले ओवर में 5 चौके
यशस्वी ने खलील अहमद के दो ओवरों में 31 रन बटोरे। उन्होंने पारी के पहले ओवर में पांच चौके लगाए। यशस्वी ने 25 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था जो आईपीएल में उनकी कुल पांचवीं अर्धशतकीय पारी रही। अपनी 31 गेंदों की पारी से जायसवाल ने राजस्थान के मजबूत स्कोर की आधारशिला रखी। उसके बाद बटलर ने आतिशी तेवर दिखाए। पहले छह ओवरों में राजस्थान ने बिना विकेट खोए 68 रन बना लिए थे, जिसमें 14 बाउंड्री थी। बाद में कुलदीप यादव (1/31), मुकेश कुमार (2/36) और रोवमैन पोवेल (1/18, दो ओवर) ने चेन्नई को 200 से पार जाने से रोका। एनरिच नोत्र्जे ने तो चार ओवरों में 44 रन लुटा दिए।
बोल्ट ने दिए दिल्ली को शुरुआती झटके
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम को शुरुआत में ही झटका लगा जब ट्रेंट बोल्ट (3/29) ने पहले ही ओवर में पृथ्वी शॉ और मनीष पांडेय को बिना खाता खोले आउट कर दिया। टीम ने बिना रन बनाए दो विकेट गंवा दिए थे। पृथ्वी शॉ विकेट के पीछे लपके गए जबकि मनीष पांडे पगबाधा आउट हुए। पृथ्वी ने तीन मैचों में तीनों बार अलग तरीके से विकेट गंवाया है। इतनी खराब शुरुआत के बाद दिल्ली की टीम उबर नहीं पाई। कप्तान वॉर्नर ने तीन मैचों में दूसरी अर्धशतकीय पारी खेली लेकिन दिल्ली की टीम बस हार का अंतराल कम करती नजर आई। बोल्ट ने अपना तीसरा विकेट दूसरे स्पैल में ललित यादव के रूप में लिया।