राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच बने राहुल द्रविड़
- फोटो : @rajasthanroyals
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने पेशेवर क्रिकेटर बनने की चाह रखने वाल खिलाड़ियों को सलाह दी है कि वे किस तरह खुद को परख कर अपनी क्षमता का उपयोग कर सकते हैं। द्रविड़ का कहना है कि इससे वे खिलाड़ी अपनी क्षमताओं का अधिक लाभ उठा सकते हैं। पिछले साल कोच के तौर पर भारतीय टीम को टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले द्रविड़ आईपीएल 2025 के मौजूदा सीजन में राजस्थान को कोचिंग दे रहे हैं। हालांकि, उनकी टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है।
द्रविड़ ने कहा, क्रिकेट में अच्छा होना और सिर्फ क्रिकेट का अभ्यास करना निश्चित रूप से आपको कुछ सफलता दिलाएगा। मैंने हालांकि जिन अच्छे और महान खिलाड़ियों के साथ काम किया है या ड्रेसिंग रूम साझा किया है उनमें एक चीज सामान्य देखी है, वह यह है कि वे वास्तव में अपनी क्षमता के बारे में जानते थे। मुझे लगता है कि अगर आप एक व्यक्ति के तौर पर खुद को पहचानते हैं और लगातार विकसित होते रहते हैं, तो आपके पास अपनी क्षमता को अधिकतम करने का सबसे अच्छा मौका होता है।
तुलना में विश्वास नहीं रखते द्रविड़
द्रविड़ ने स्पष्ट किया कि वह तुलना में विश्वास नहीं करते। द्रविड़ ने कहा, यह व्यक्तिगत मामला है, आप खुद को दूसरे लोगों के साथ आंक नहीं सकते, खुद की तुलना दूसरे लोगों से नहीं कर सकते। आपका काम खुद से और आपको जो कौशल मिले हैं, उनसे सर्वश्रेष्ठ प्राप्त करना है। यह तभी संभव है जब आप मैदान पर एक क्रिकेटर के रूप में और मैदान के बाहर एक व्यक्ति के रूप में भी विकसित होंगे।