आईपीएल-11 में अभी तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली डेयरडेविल्स की स्थिति एक सी चल रही है। दोनों के खातें में चार मैचों में एक जीत ही दर्ज है। पिछले मैच में आरसीबी को मुंबई इंडियंस और दिल्ली को केकेआर ने पराजित किया था।
विराट कोहली की अगुआई में आरसीबी ने केकेआर के खिलाफ हार से शुरुआत की थी, लेकिन अपने घरेलू मैदान में पंजाब को पराजित किया। उसके बाद राजस्थान और मुंबई के खिलाफ शिकस्त मिली। आरसीबी को अपने गेंदबाजी आक्रमण को पैना करने की जरूरत है क्योंकि पिछले दो मैचों में टीम ने 200 से ज्यादा रन दिए हैं।
युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर की स्पिनर जोड़ी ने काफी रन खर्च किए हैं। दिल्ली के खिलाफ भी उनका काम आसान नहीं होगा क्योंकि डेयरडेविल्स में जेसन राय, गौतम गंभीर, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और ग्लेन मैक्सवेल जैसे विश्व स्तरीय बल्लेबाज हैं।
आरसीबी का हौसला इस बात से जरूर बढ़ा होगा कि कप्तान विराट कोहली ने लय पा ली है। जिन्होंने राजस्थान के खिलाफ 57 और मुंबई के खिलाफ नाबाद 92 रन की पारी खेली। इसके अलावा टीम में दक्षिण अफ्रीकी एबी डीविलियर्स हैं जिन्होंने अभी तक 122 रन बनाए हैं।
ब्रेंडन मैकुलम जिन्होंने तीन मैचों में कुल 47 रन बनाए हैं, उनकी जगह इंग्लैंड के मोइन अली को मौका मिल सकता है। मोइन ऑफ स्पिनर के रूप में दोहरी भूमिका भी निभा सकते हैं।
उधर, गौतम गंभीर की कप्तान वाली दिल्ली टीम के बल्लेबाजों में जेसन रॉय मुंबई के खिलाफ नाबाद 91 रन की पारी खेल चुके हैं। ऋषभ पंत अभी तक 138 रन बना चुके हैं जिनमें 47 सर्वाधिक स्कोर है। पिछले मैच में 47 रन बनाने वाले मैक्सवेल बल्ले से फिर योगदान करना चाहेंगे।
संभावित टीमें:
आरसीबी- क्विंटन डी कॉक, विराट कोहली (कप्तान), एबी डीविलियर्स, मंदीप सिंह, सरफराज खान, कोरी एंडरसन/कोलिन डी ग्रैंडहोम, वॉशिंगटन सुंदर, क्रिस वोक्स, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज/कुलवंत खेजरोलिया, युजवेंद्र चहल।
दिल्ली डेयरडेविल्स- गौतम गंभीर (कप्तान), जेसन रॉय, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, ग्लेन मैक्सवेल, विजय शंकर, क्रिस मॉरिस, राहुल तेवटिया, मोहम्मद शमी, शाहबाज नदीम, ट्रेंट बोल्ट।