भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर मुंबई के मेघालय के खिलाफ खेले जाने वाले आखिरी लीग मैच में नहीं खेलेंगे। तीनों आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम से जुड़ेंगे। रोहित, जायसवाल और अय्यर को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेले गए एलीट ग्रुप ए के छठे राउंड के मैच में खेलते देखा गया था। मेहमान टीम ने यह मुकाबला शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट से जीता था।
मेघालय पर बड़े अंतर से दर्ज करनी होगी जीत
जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में तीनों बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, जिसके कारण टीम को तगड़ा झटका लगा था। इस हार से अजिंक्य रहाणे के नेतृत्व वाली मुंबई की क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फिर गया। अब मुंबई को मेघालय को बड़े अंतर से हराने की जरूरत होगी और अन्य मैचों में अनुकूल परिणामों की उम्मीद करनी होगी।
वनडे सीरीज के बाद चैंपियंस ट्रॉफी खेलेगी टीम इंडिया
रोहित, जायसवाल और अय्यर भारतीय वनडे टीम का हिस्सा हैं। तीनों इंग्लैंड के खिलाफ छह फरवरी से शुरू होने जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला नौ फरवरी और तीसरा मैच 12 फरवरी को खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी के लिए दुबई रवाना होगी। इस टूर्नामेंट का आगाज 19 फरवरी से होगा।
सूत्र ने दी जानकारी
23 वर्षीय यशस्वी जायसवाल के लिए यह वनडे क्रिकेट में उनकी पहली राष्ट्रीय टीम में चयन का मौका है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के एक सूत्र ने तीनों खिलाड़ियों की अनुपलब्धता की पुष्टि की। सूत्र ने कहा- वह भारतीय टीम से जुड़ेंगे।