भारतीय टीम के सहायक स्टाफ अभिषेक नायर ने इस बात की पुष्टि की है कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट में पारी का आगाज करने उतरेंगे। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद नायर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी दी है। नायर का कहना है कि रोहित का ओपनिंग में टीम की जरूरत है।
रोहित अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण पर्थ टेस्ट में नहीं खेले थे और उनकी अनुपस्थिति में केएल राहुल यशस्वी जायसवाल के साथ पहले मैच में ओपनिंग करने उतरे थे। यशस्वी और राहुल की जोड़ी पहले मैच में सफल रही थी जिस कारण रोहित ने अपना स्थान बदलने का फैसला किया था। हालांकि, दूसरे और तीसरे टेस्ट में राहुल और यशस्वी टीम को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहे थे। राहुल के ओपनिंग में उतरने से रोहित छठे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए उतर रहे थे, लेकिन उनका बल्ला नहीं चला था।
'दुर्भाग्य से गिल को बाहर होना पड़ा'
नायर ने कहा, हां, रोहित बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आएंगे और पूरी संभावना है कि वह पारी की शुरुआत करेंगे। यही योजना थी। दुर्भाग्य से शुभमन गिल को बाहर होना पड़ा जिस तरह से चीजें आगे बढ़ीं उन्हें बाहर होना पड़ा। मुझे लगता है कि इस तरह की स्थिति में एक युवा खिलाड़ी बड़े दिन पर अपनी छाप छोड़ना चाहता है। वह समझता है कि यह टीम की जरूरत है और यह दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन मैं यह नहीं कहूंगा कि उसे टीम से बाहर कर दिया गया है। यह निराशाजनक है कि वह इस मैच टीम में जगह नहीं बना सका।
वाशिंगटन सुंदर को लेने पर क्या बोले नायर?
नायर ने कहा, जब बहुत सारे फैसले लिए जाते हैं और उन्हें लेने की प्रक्रिया होती है तो हमेशा बातचीत और पारदर्शिता होती है। यह बहुत स्पष्ट है कि हमने पिच को देखते हुए महसूस किया कि गेंदबाजी आक्रमण में वाशिंगटन सुंदर के होने से हमें विविधता मिलेगी, खासकर अंत में जब गेंद पुरानी हो जाती है। 50 ओवर के बाद हमें लगा कि यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें हमें बेहतर होना चाहिए। हमें लगा कि वाशिंगटन सुंदर हमें रवींद्र जडेजा के साथ मजबूती प्रदान कर सकता है, विशेषकर जिस तरह से ट्रेविस हेड और एलेक्स कैरी निचले क्रम में रन बना रहे थे। इसलिए हमें लगा कि टीम में एक ऑफ स्पिनर होने से हमें इसमें मदद मिलेगी।