फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS: कप्तान रोहित ने पिंक बॉल टेस्ट पर रखी राय, अश्विन-जडेजा को बाहर रखने के फैसले का समर्थन किया

Thu, 05 Dec 2024 04:49 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एडिलेड

सार

भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया में पिंक बॉल टेस्ट की यादें अच्छी नहीं हैं क्योंकि वह दूसरी पारी में 36 रन पर ऑलआउट हो गई थी और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस बारे में पूछे जाने पर रोहित ने कहा कि वो अतीत की बात है और क्रिकेट में हर दिन नया होता है।
विज्ञापन
रोहित शर्मा - फोटो : twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत ने भले ही ऑस्ट्रेलिया की तुलना में ज्यादा पिंक बॉल टेस्ट नहीं खेले हैं, लेकिन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का कहना है कि इसमें ढलने में मानसिक रूप से मजबूत भारतीय टीम को दिक्कत नहीं होगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुक्रवार से एडिलेड में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले रोहित ने कहा कि वे इस चुनौती के लिए तैयार हैं। 
विज्ञापन

भारतीय टीम - फोटो : अमर उजाला
भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया में पिंक बॉल टेस्ट की यादें अच्छी नहीं हैं क्योंकि वह दूसरी पारी में 36 रन पर ऑलआउट हो गई थी और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस बारे में पूछे जाने पर रोहित ने कहा कि वो अतीत की बात है और क्रिकेट में हर दिन नया होता है। भारत ने अब तक चार डे-नाइट टेस्ट खेले हैं। इसमें से तीन में उन्हें जीत मिली है, जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया ने डे-नाइट टेस्ट में 75 फीसद मैच जीते हैं। जिस एकमात्र टेस्ट में भारतीय टीम को हार मिली थी, वह चार साल पहले एडिलेड में ही खेला गया था।

'क्रिकेट में हर दिन नया होता है'
रोहित ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, जब से हमने खेलना शुरू किया है, हमें यही बताया गया है कि क्रिकेट में हर दिन नया होता है। अगर आपने 90 या 99 रन भी बनाए हैं तो आपको अगले दिन शून्य से ही शुरू करना होता है। हर दिन एक नई चुनौती आती है और गेंदबाज तथा बल्लेबाज अलग मानसिकता के साथ उतरता है। हम बस उस पर ध्यान केंद्रित करते हैं जो चुनौती हमारे सामने आ रही होती है। 

रोहित ने कहा कि जब हम उच्च स्तर का क्रिकेट खेलते हैं तो चुनौती आती ही है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय टीम इस चुनौती से पार पा लेगी। रोहित ने कहा, हम मानसिक रूप से काफी मजबूत हैं और हमारे लिए परिस्थिति में ढलना कोई परेशानी नहीं है। आपको क्रिकेट के उच्च स्तर पर चीजें आसान नहीं मिलेगी। पर्थ में भी हमारे सभी खिलाड़ी नहीं थे, लेकिन खिलाड़ियों ने संयम रखा और अपना योगदान दिया जिससे नतीजे हमारे पक्ष में आए। हमें इस टेस्ट मैच को भी उसी तरह देखना होगा। अगर प्लेइंग-11 में मौजूद सभी खिलाड़ी अपनी भूमिका निभाएंगे तो नतीजे अपने पक्ष में ही होंगे। 
विज्ञापन

'अश्विन-जडेजा भविष्य में बड़ी भूमिका निभाएंगे'
रोहित ने रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा को पहले मैच के लिए प्लेइंग-11 से बाहर रखने के फैसले का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह सही फैसला था और ये दोनों अनुभवी खिलाड़ी सीरीज के बाकी मैचों में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। रोहित ने कहा, दुर्भाग्य से मैं उन्हें यह खबर देने के लिए वहां नहीं था कि वे पहला मैच नहीं खेल रहे हैं। जडेजा और अश्विन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को बाहर रखना हमेशा मुश्किल होता है, यह कभी आसान नहीं होता। लेकिन यह फैसला उस समय टीम के लिए जो भी सबसे अच्छा था और उस समय प्रबंधन को जो भी सही लगा उसके आधार पर लिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें