38 साल के रोहित शर्मा अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के रोमांचक और निर्णायक चरण में हैं। अब वे किसी भी प्रारूप में भारतीय टीम के कप्तान नहीं हैं और यही वजह है कि क्रिकेट जगत में उनके संभावित रिटायरमेंट को लेकर चर्चा तेज है। हालांकि, रोहित ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर जो बात कही है, उसने फैंस के बीच नई उम्मीदें जगा दी हैं। रोहित ने संकेत दिया कि वे 2027 तक खेलना चाहते हैं। हालांकि, दिनेश कार्तिक ने साफ कहा है कि यह फैसला उन्हें दिल और दिमाग से लेना होगा।
'रोहित अभी भी भूखे हैं जीत के लिए'
टीम इंडिया के पूर्व साथी दिनेश कार्तिक ने रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर बड़ी बात कही। क्रिकबज से बातचीत में उन्होंने कहा, '2023 वर्ल्ड कप फाइनल हारने के बाद रोहित का सपना था कि वे भारत को विश्व कप जिताने वाले कप्तान बनें और उन्होंने 2024 में कैरेबियाई धरती पर यह सपना पूरा किया।' कार्तिक ने कहा, 'वह आग अब भी उनके अंदर जल रही है। वह 50 ओवर का वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं। 2027 में भारत की टीम में रोहित शर्मा का अनुभव बेहद अहम रहेगा।'
'दिल और दिमाग लगाएंगे तो 2027 तक खेलेंगे'
दिनेश कार्तिक के मुताबिक, अगर रोहित शर्मा चाहें तो वे 2027 तक आराम से खेल सकते हैं। उन्होंने कहा, '2023 वर्ल्ड कप के बाद से रोहित ने 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं, औसत करीब 48 रहा है और स्ट्राइक रेट शानदार है। अगर वह अपने दिल और दिमाग को पूरी तरह क्रिकेट में झोंक दें, तो उन्हें 2027 तक खेलते देखना कोई आश्चर्य नहीं होगा।'
'पावरप्ले में रोहित हैं कविताओं जैसे'
कार्तिक ने रोहित की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा, 'जब रोहित फॉर्म में होते हैं, तो उनकी बल्लेबाजी कविता जैसी लगती है। खासकर पावरप्ले में, जब वह बिना डर के गेंदबाजों पर हमला करते हैं और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाते हैं।' उन्होंने यह भी कहा कि अब रोहित माइलस्टोन के लिए नहीं खेलते, बल्कि टीम के लिए टोन सेट करते हैं। उन्होंने कहा, 'वर्ल्ड कप फाइनल में उनका आक्रामक अंदाज दिखाता है कि वे टीम के लिए कितना त्याग करते हैं। वह अब एक सेल्फलेस क्रिकेटर बन चुके हैं।'
'2027 वर्ल्ड कप तक रोहित का अनुभव अमूल्य रहेगा'
2027 वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में खेला जाएगा। उस वक्त तक रोहित 40 के करीब होंगे, लेकिन उनका अनुभव, शॉट सिलेक्शन और नेतृत्व क्षमता भारत के लिए बेहद काम की साबित हो सकती है। रोहित शर्मा फिलहाल किसी संन्यास के मूड में नहीं दिख रहे। कार्तिक की मानें तो रोहित की कहानी अभी खत्म नहीं हुई, बल्कि शुरू हुई है।