टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। पत्नी के आरोपों से घिरे शमी एक कार एक्सीडेंट में बुरी तरह घायल हो गए हैं। यह हादसा देहरादून से दिल्ली आते वक्त हुआ, जब एक तेज रफ्तार से आते ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि शमी अब खतरे से बाहर हैं, लेकिन इस समय उन्हें आराम की सख्त जरूरत है। ऐसे में शमी के चाहने वाले अभी से उनके लिए दुआएं मांगने लगे हैं। दरअसल शमी के साथी खिलाड़ी और टीम इंडिया के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने ट्वीटर पर शमी की सलामती के लिए एक संदेश लिखा है।