रोहित ने ट्वीट में लिखा- वाह! टीम इंडिया ने क्या शानदार प्रदर्शन किया। बापू बधू सारू छे अक्षर पटेल। दरअसल, अक्षर को फैन्स बापू कहकर बुलाते हैं। वह उनका निक नेम है। रोहित ने अक्षर की तारीफ करते हुए लिखा अक्षर बहुत शानदार प्रदर्शन रहा। बाएं हाथ के इस ऑलराउंडर ने दूसरे वनडे में 35 गेंदों पर 64 रन की नाबाद पारी खेली थी। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और पांच छक्के लगाए थे।
इस पारी की बदौलत भारत ने 312 रन के लक्ष्य को 49.4 ओवर में हासिल किया था। अक्षर के अलावा शुभमन गिल ने 43 रन की पारी खेली थी। वहीं, श्रेयस अय्यर ने 63 रन और संजू सैमसन ने 54 रन बनाए थे। वहीं, विंडीज की और से शाई होप ने 115 रन की पारी खेली थी। यह होप का 100वां वनडे मैच था और इसी मैच में उन्होंने स्पेशल पारी खेली थी।
होप के अलावा कप्तान निकोलस पूरन ने 74 रन बनाए थे। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट झटके थे। वहीं, दीपक हुड्डा, अक्षर और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट लिया। इस जीत के साथ भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार 12वीं द्विपक्षीय वनडे सीरीज में जीत हासिल की। यह किसी एक टीम के खिलाफ लगातार सीरीज जीतने का रिकॉर्ड है। इस मामले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पीछे छोड़ दिया।