मौजूदा आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से भिड़ने के लिए चेन्नई पहुंच गई है। इन दोनों टीमों के बीच आईपीएल 2021 का पहला मैच 9 अप्रैल को एमए चिंदबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बार आईपीएल शेड्यूल इस तरह तैयार किया गया है कि कोई भी टीम अपनी घरेलू मैदान पर मैच नहीं खेलेगी।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने एक वीडियो में कहा, नमस्ते चेन्नई, मुंबई इंडियंस की टीम यहां आ गई है। हिटमैन के इस वीडियो को मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर किया।
मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे सफल टीम है। रोहित की कप्तानी में इस टीम ने सबसे ज्यादा पांच खिताब जीते हैं। मुंबई की टीम एक बार फिर अपने शानदार खिलाड़ियों के नेतृत्व में फाइनल जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकगी। बीते साल सयुंक्त अरब अमीरात संघ में खेले गए आईपीएल में इस टीम ने रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब जीता था।
आईपीएल 2020 के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सबसे मजबूत टीमों में से एक दिल्ली कैपिटल्स को एकतरफा हराया था। इस बार भी टीम से उसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद है।
मुंबई इंडियंस के लिए बीते कुछ वर्षों से रोहित शर्मा शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। टीम में रोहित के अलावा कुछ और खिलाड़ी हैं जो अपने कप्तान का कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करते हैं। टीम में हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, क्रणाल पांड्या सूर्यकुमार यादव और कीरोन पोलार्ड जैसे खिलाड़ी हैं जो अकेले दम मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं।