फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rohit Sharma: 'भरोसा है कि यह महज शुरुआत है', आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारतीय टीमों की जीत पर बोले रोहित

Sun, 15 Mar 2026 08:37 AM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को भरोसा है कि आने वाले दिनों में भारत की पुरुष और महिला टीमें आईसीसी खिताब जीतने का सिलसिला जारी रखेंगी।
विज्ञापन
रोहित शर्मा - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भरोसा जताया है कि आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत की पुरुष और महिला टीमें खिताबी जीत की लय को आगे भी बरकरार रखेंगी। भारत ने हाल में आईसीसी टूर्नामेंटों में लगातार सफलता हासिल की है। 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीता। इसके बाद 2025 में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में महिला टीम ने पहली बार आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप का खिताब जीता। इसी साल महिला अंडर-19 टीम ने भी आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप अपने नाम किया। इतना ही नहीं 2025 में भारतीय पुरुष टीम ने रोहित की अगुआई में चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की थी। 
विज्ञापन

भारत ने दो वर्ष में जीती हैं छह ट्रॉफी
भारत की 2026 की शुरुआत भी शानदार रही। भारत ने रिकॉर्ड छठी बार आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीता, जबकि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में सीनियर टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप अपने नाम किया। रोहित ने एक कार्यक्रम में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय क्रिकेट टीमों की उपलब्धियां देखकर उन्हें बहुत गर्व होता है। उन्होंने कहा कि पुरुष टीम के साथ-साथ महिला टीम का विश्व कप जीतना भी शानदार पल था। रोहित ने कहा, पिछले कुछ वर्षों से हम जो कुछ भी देख रहे हैं, उसे देखकर मुझे बहुत खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। शानदार प्रदर्शन करना और जो हमने हासिल किया है, उसे पाना, न सिर्फ पुरुष टीम ने, बल्कि महिला टीम ने भी विश्व कप जीतकर जो कमाल किया, उसे देखना वाकई शानदार था। 

रोहित को आगे भी खिताब जीतने का भरोसा 
मुंबई के इस खिलाड़ी ने उम्मीद जताई कि भारत के खाते में अभी और भी वैश्विक खिताब आने बाकी हैं। रोहित ने कहा, हाल में पुरुष टीम ने जो किया, वह असाधारण था। मुझे उम्मीद है कि यह तो बस शुरुआत है। अब यहां से पीछे मुड़कर देखने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि एक बार जब आपको वह लय मिल जाती है तो यह जारी रहती है। हम अक्सर लय के बारे में बात करते हैं। अब पुरुष और महिला, दोनों ही टीमों के पास वह लय मौजूद है। बस यही उम्मीद है कि हम इस लय को आगे भी बनाए रखें।
विज्ञापन

भारत के पूर्व कप्तान ने उन लोगों की भी जमकर तारीफ की जो इस सफलता को मुमकिन बनाने के लिए पर्दे के पीछे रहकर काम करते हैं। उन्होंने कहा, सफलता का कोई राज नहीं होता। यह सब कड़ी मेहनत का नतीजा है। पुरुष और महिला, दोनों ही टीमों ने आज जो कुछ भी हासिल किया है, उसके लिए उन्होंने सचमुच बहुत कड़ी मेहनत की है। बेशक, यह सिर्फ उन खिलाड़ियों के बारे में नहीं है जो मैदान पर प्रदर्शन करते हैं, बल्कि पर्दे के पीछे भी बहुत से लोग हैं जिन्होंने इस सफलता के लिए बहुत कड़ी मेहनत की है, ताकि टीम सफल हो सके। बहुत से लोगों और स्टाफ को धन्यवाद देना है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें