रोहित शर्मा और अर्जुन तेंदुलकर
- फोटो : IPL/BCCI
मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर 10 साल पूरे करने पर पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने रविवार को रोहित शर्मा की सराहना की। रोहित को 24 अप्रैल 2013 को कप्तानी की बागडोर सौंपी गई थी। उनके नेतृत्व में टीम 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनी।
राजस्थान रॉयल्स के साथ मैच की पूर्व संध्या पर, टीम और कोचिंग सदस्यों ने कप्तान के तौर पर 10 साल के रोहित के योगदान के बारे में बात की।टीम के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने कहा, उन्होंने कप्तान के तौर पर काफी सुधार किया है। उनका नेतृत्व कौशल अच्छा हुआ है।
कोच से पहले लंबे समय तक खिलाड़ी के तौर पर मुंबई की टीम से जुड़े रहे पोलार्ड ने कहा, उन्हें 2013 सत्र के बीच में कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई थी। वह उस समय काफी युवा थे। रोहित को कप्तानी सौंपे जाते समय पोलार्ड टीम का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि रोहित की सबसे बड़ी खासियत जल्दी सीखने की है।
टीम के गेंदबाजी कोच शेन बांड ने उनके कॅरिअर को 'शानदार' करार देते हुए कहा, वह मैदान के अंदर और बाहर हमारी टीम में किसी बड़ी शख्सियत की तरह हैं। टीम का नेतृत्व करने के मामले में उनका काम शानदार रहा है। मुंबई की टीम के मुख्य बल्लेबाजों में से एक सूर्यकुमार यादव ने कहा कि रोहित की यात्रा एक अविश्वसनीय कहानी रही है।