एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले की पूरी तैयारी हो चुकी है। दोनों टीमों के खिलाड़ी अपनी कमर कस चुके हैं। दुबई के मैदान में दोनों टीमें साथ में अभ्यास कर रही थीं। इस दौरान भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी कई बार एक-दूसरे के सामने आए और मुलाकात की भी। भारत के कप्तान रोहित शर्मा और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम भी एक दूसरे से मिले। दोनों ने आपस में थोड़ी देर बात भी की। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दोनों खिलाड़ियों की मुलाकात का एक वीडियो शेयर किया है।
पीसीबी ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें दोनों खिलाड़ी बातचीत के दौरान काफी मस्ती-मजाक करते दिखाई दे रहे हैं। अंत में रोहित शर्मा मजाकिया अंदाज में बाबर आजम से कहते हैं "भाई शादी कर लो" रोहित की यह बात सुनकर बाबर भी हैरान रहा जाते हैं। जवाब में वो शर्माते हुए कहते हैं कि नहीं अभी नहीं करूंगा।
इससे पहले बाबर आजम और पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली की मुलाकात हुई थी। विराट ने 2019 की मुलाकात का जिक्र करते हुए बताया था कि बाबर के अंदर आपके लिए जो सम्मान है वह विश्व क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी नहीं बदला है। विराट ने उन्हें मौजूदा समय का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बताया है।
एशिया कप में 15वीं बार भिड़ेंगी दोनों टीमें
एशिया कप में ये दोनों टीमों के बीच 15वां मुकाबला होगा। इससे पहले हुए 14 मैचों में आठ मैच भारत और पांच मैच पाकिस्तान ने जीते हैं। एक मैच बारिश की वजह से धुल गया था। इस टूर्नामेंट में भारत आखिरी बार पाकिस्तान से 2012 में हारा था।
10 महीने बाद दोनों टीमें आमने-सामने
दस माह बाद दोनों देश आमने-सामने होंगे। इससे पहले दोनों इसी मैदान पर 24 अक्तूबर 2021 में टी-20 विश्वकप में खेले थे, जिसमें पाकिस्तान को 10 विकेट से जीत मिली थी। पिछली बार जब दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं तब विराट कोहली कप्तान थे। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप से पहले ही बता दिया था कि वह टूर्नामेंट के बाद टी20 की कप्तानी छोड़ देंगे। उनके लिए बतौर कप्तान पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी मैच भूलने वाला रहा। टीम इंडिया पहली बार किसी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से हारी थी। टूर्नामेंट के बाद रोहित शर्मा नियमित कप्तान बने। इस रोहित के ऊपर पाकिस्तान से बदला लेने की जिम्मेदारी है।