बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा आगामी रणजी सीजन में कर्नाटक की जगह केरल टीम से खेल सकते हैं। केरल क्रिकेट संघ के सचिव जयेश जॉर्ज ने कहा औपचारिक बातचीत हो चुकी है। जल्द घोषणा की जा सकती है। उथप्पा साल 2002 से कर्नाटक टीम से ही खेलते रहे हैं।
उथप्पा के इस निर्णय से क्रिकेट से जुड़े लोगों को कोई अचरज नहीं हुआ है। खासकर पिछले सीजन में जब कर्नाटक की चयन समिति ने रणजी क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। पिछले तीन रणजी सीजन में उथप्पा ने 912, 759 और 328 रन बनाए हैं। पिछले सीजन में ही उनका बल्ला खामोश रहा वह 7 मैच की 12 पारियों में केवल 328 रन ही बना सके। इस दौरान उनके बल्ले से 128 रनों की शतकीय पारी असम के खिलाफ निकली।
उथप्पा ने भी इस बात की पुष्टि की कि उनकी बात केरल क्रिकेट बोर्ड के साथ चल रही है लेकिन अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है। केसीए ने पिछले साल मुंबई से केरल पहुंचे बांए हाथ के स्पिनर इकबाल अब्दुल्लाह और बल्लेबाज भविन ठाकुर को रीटेन नहीं करने का फैसला किया है। इसके साथ ही पिछले सीजन मध्य प्रदेश से केरल पहुंचे जलज सक्सेना को भी रीटेन नहीं करने का फैसला किया है।