पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के फैसले पर बात की है। उनका मानना है कि किंग कोहली में अभी रनों की भूख है। उन्हें इस प्रारूप में अपने संन्यास के फैसले को पलटकर वापसी करनी चाहिए। बता दें कि, पूर्व भारतीय कप्तान ने पिछले साल मई में लाल गेंद प्रारूप को अलविदा कह दिया था जबकि टी20 विश्व कप 2024 के बाद दाएं हाथ के बल्लेबाज ने इस प्रारूप से संन्यास की घोषणा की थी। अब वह सिर्फ वनडे खेलते हैं।
उथप्पा ने साझा की कोहली की तस्वीर
उथप्पा ने सोशल मीडिया पर कोहली की एक तस्वीर साझा की। यह फोटो न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले नेट्स प्रैक्टिस की है। पूर्व खिलाड़ी ने कैप्शन में लिखा, 'उनकी आंखें एक कहानी बताती हैं। पक्का अब उनके टेस्ट रिटायरमेंट को वापस लेने का समय आ गया है। उन्हें टेस्ट क्रिकेट में वापस देखना अच्छा लगेगा।'
रणजी में भी खेले
टेस्ट से संन्यास से पहले कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्ऱ़ॉफी की शुरुआत पर्थ में एक शानदार शतक के साथ की थी, लेकिन अगले चार टेस्ट में वह उस लय को बनाए नहीं रख पाए। भारत आखिरकार पांच मैचों की सीरीज 1-3 से हार गया, जिसके बाद बीसीसीआई ने जनवरी 2025 में सीरीज के बाद रिव्यू किया। रिव्यू के बाद, कोहली और रोहित शर्मा रणजी ट्रॉफी में खेले क्योंकि बोर्ड ने खिलाड़ियों के लिए घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेना जरूरी कर दिया था, अगर वे टेस्ट खेलना जारी रखना चाहते थे। हालांकि, कोहली जल्द ही भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान के तौर पर रिटायर हो गए, उन्होंने 123 मैचों में 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए।