महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने लीजेंड क्रिकेट लीग के बाद अब वर्ल्ड रोड सेफ्टी सीरीज से भी अपना नाम वापस ले लिया है। टूर्नामेंट के पहले सीजन में सचिन ‘इंडिया लीजेंड्स’ के कप्तान थे। उनकी कप्तानी में टीम चैंपियन बनी थी। पहले सीजन में खेलने वाले खिलाड़ियों को अब तक पूरी सैलरी नहीं मिली है। खिलाड़ियों ने बकाया राशि को लेकर शिकायत है। जिन खिलाड़ियों को पूरी सैलरी नहीं मिली है उनमें सचिन भी शामिल है।
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके खिलाड़ी ही शामिल होते हैं। खिलाड़ियों को बकाया राशि नहीं मिलने की खबर सबसे पहले बांग्लादेशी मीडिया में सामने आई। बांग्लादेश के पूर्व खिलाड़ियों खालिद महमूद, खालिद मशूद, मेहराब हुसैन, राजिन सालेह, हन्नान सरकार और नफीस इकबाल का भुगतान अब तक नहीं किया गया है।
सचिन पहले सीजन में टूर्नामेंट के ब्रांड एंबेसेडर थे। साथ ही पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर इसके आयुक्त थे। मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई को सचिन के बारे में जानकारी दी। सूत्र ने कहा, ‘‘सचिन अगले सीजन में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में नहीं खेलेंगे। इस बार टूर्नामेंट संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक से 19 मार्च तक खेला जाएगा, लेकिन तेंदुलकर इस टूर्नामेंट से दूर रहेंगे।’’
सूत्र ने इस बात की भी पुष्टि की है कि तेंदुलकर को भी भुगतान नहीं किया गया है। पीटीआई ने सूत्र के हवाले से लिखा, ‘‘बकाया राशि नहीं मिलने वालों में सचिन तेंदुलकर भी शामिल हैं। इस बारे में मुख्य आयोजक रवि गायकवाड़ ही विस्तार से बता सकते हैं।’’
2020 सीजन में जब पहली बार इस टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था तब करार के बाद सभी खिलाड़ियों को 10 फीसदी राशि दे दी गई थी। इसके बाद 25 फरवरी 2021 तक 40 फीसदी और 31 मार्च 2021 तक 50 फीसदी भुगतान की बात कही गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तेंदुलकर के अलावा इंडिया लीजेंड्स की ओर से युवराज सिंह, एस बद्रीनाथ, मोहम्मद कैफ और इरफान पठान भी खेले थे।