मुंबई इंडियंस के आक्रामक सलामी बल्लेबाज रियान रिक्लेटन ने आईपीएल के अपने डेब्यू मैच में चार विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने टीम के साथी अश्विनी कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी गेंद लोग जितना समझते हैं, उससे कहीं ज्यादा तेज गति से आती है।
विज्ञापन
पंजाब के वामहस्त तेज गेंदबाज ने सोमवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ तीन ओवर में 24 रन पर चार विकेट लेकर स्वप्निल पदार्पण किया। उनकी शानदार गेंदबाजी से मुंबई ने केकेआर को 16.2 ओवर में 116 रन पर आउट करने के बाद आठ विकेट से आसान जीत दर्ज की। सत्र की पहली जीत के साथ ही मुंबई की टीम तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई।
रिक्लेटन ने कहा, उनकी गेंदबाजी लोग जितना समझते हैं, उससे कहीं ज्यादा तेज हैं। यह उनकी एक बड़ी खूबी है। वह नई गेंद को स्विंग करने में सक्षम है। आप जितना सोचते हैं, उससे कहीं ज्यादा तेज हैं और उसकी गेंद थोड़ी नीचे भी रहती है। वह निश्चित रूप से इस टीम में बेहतरीन खिलाड़ी हैं और यहां की पिच उनके अनुकूल है।