भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कार हादसे के बाद अस्पताल में हैं। इस हादसे में उन्हें बहुत गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन उनके पैर में फ्रैक्चर हैं। पंत के पूरे शरीर में अलग-अलग तरह के स्कैन और जांच की जा रही हैं, ताकि उनकी चोट का सटीक अंदाजा लगाया जा सके। अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि उन्हें मैदान में लौटने में कितना समय लगेगा, लेकिन मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पंत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।
भारतीय टीम को अब श्रीलंका के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज खेलनी है। इन दोनों सीरीज के लिए भारतीय टीम में ऋषभ पंत को नहीं चुना गया है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज में पंत का खेलना तय था। भारत को नौ फरवरी से 13 मार्च के बीच ऑस्ट्रेलिया के साथ चार टेस्ट मैच खेलने हैं। इस सीरीज में पंत के नहीं खेलने पर उनकी जगह केएस भरत या ईशान किशन को भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है। पंत की जगह उपेंद्र यादव या संजू सैमसन को भी मौका दिया जा सकता है।
25 साल के ऋषभ पंत दुबई से लौटे थे और अपनी मां से मिलने जा रहे थे। शुक्रवार की सुबह उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। इसके बाद देहरादून के मैक्स अस्पताल में उनका इलाज जारी है। पंत के दिमाग या रीढ़ की हड्डी में कोई चोट नहीं है, लेकिन उनके घुटने और टखने की मांसपेशियों में काफी चोट है। इस वजह से पंत लंबे समय तक क्रिकेट के मैदान से बाहर रहेंगे। पंत दो से लेकर छह महीने तक क्रिकेट से दूर रह सकते हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, "उनके टखने और घुटने में काफी सूजन है, इसलिए अभी उनका एमआरआई नहीं किया गया है।"
नई चयन समिति के पास पंत की जगह लेने के लिए तीन विकल्प होंगे। भारत ए के दो विकेटकीपर भरत और उपेंद्र सीधे मुख्य टीम में शामिल हो जाते हैं या ईशान किशन जैसे विस्फोटक खिलाड़ी को मौका दिया जा सकता है। वहीं, संजू सैमसन भी टेस्ट टीम का हिस्सा बन सकते हैं।
भरत टेस्ट टीम के दूसरे विकेटकीपर होने के कारण नागपुर में भारत के लिए पहला मैच खेल सकते हैं। हालांकि, उपेंद्र फिलहाल ज्यादा बेहतर विकल्प दिख रहे हैं, जो 45 से ज्यादा के औसत से रन बना रहे हैं। वह अच्छे विकेटकीपर हैं और बड़े शॉट खेलने में सक्षम हैं। हालांकि, पंत के पास जो एक्स फैक्टर है, वह इन दोनों के मामले में नहीं है।
ईशान या संजू सैमसन पहले से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दबाव को झेल चुके हैं, इस लिहाज से ये दोनों बेहतर विकल्प हो सकते हैं।