भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को उत्तराखंड का ब्रांड एंबसडर बनाया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को इसका एलान किया। इसके बाद पंत ने कहा है कि वो अपने राज्य में खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। पंत को राज्य का ब्रांड एंबेसडर बनाने के बाद धामी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी और पंत को मिलने के लिए आमंत्रित किया। पंत उत्तराखंड के ही रहने वाले हैं।
धामी ने ट्वीट किया "भारत के बेहतरीन क्रिकेट खिलाडियों में से एक, युवाओं के आदर्श और उत्तराखण्ड के लाल श्री ऋषभ पंत जी को हमारी सरकार ने राज्य के युवाओं को खेलकूद एवं जन- स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से "राज्य ब्रांड एंबेसडर" नियुक्त किया है।" इसके साथ ही धामी ने वीडियो कॉल के माध्यम से पंत को शुभकामनाएं दी और मिलने के लिए आमंत्रित किया।
उत्तराखंड के लोग देश को गौरवान्वित कर सकते हैं
अपने राज्य का ब्रांड एंबेसडर बनने के बाद पंत ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास हैं कि उत्तराखंड के लोगों में कई क्षेत्रों में देश को गौरवान्वित करने की क्षमता है। उन्होंने लिखा "पुष्कर सिंह धामी सर, उत्तराखंड के लोगों के बीच खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए यहां का ब्रांड एंबेसडर बनाने का शुक्रिया। लोगों के बीच यह संदेश देने के लिए मैं पूरी कोशिश करूंगा और मुझे बहुत खुशी हो रही है कि आप देश को फिट बनाने के लिए ऐसे कदम उठा रहे हैं। रुड़की के एक छोटे से कस्बे से आने के बाद मुझे विश्वास है कि यहां के लोगों के अंदर कई क्षेत्रों में देश को गौरव महसूस कराने की क्षमता है।"
पंत आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में भारत के लिए खेले थे। इस सीरीज में भारत ने कीवी टीम को 3-0 से हराया था। हालांकि पंत का प्रदर्शन इस सीरीज में बहुत अच्छा नहीं रहा था। अब पंत भारतीय टेस्ट टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका में तैयारी कर रहे हैं। यहां भारत को 26 दिसंबर से पहला टेस्ट खेलना है।