दिल्ली डेयरडेविल्स के युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत ने गुरुवार को दिल्ली में खेले गए मैच में तूफानी शतक जड़ दिया। हालांकि इस शतक के बावजूद उनकी टीम को सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। फिरोज शाह कोटला मैदान में खेले गए इस मैच में दिल्ली से मिले 188 रनों के लक्ष्य को सनराजइर्स हैदराबाद ने 19वें ओवर में ही आसानी से हासिल कर लिया। इस बीच पंत की नाबाद पारी देखकर दिग्गज क्रिकेटर सौरव गांगुली को ब्रैंडन मैकुलम की याद आ गई।
गांगुली ने कहा कि मुकाबले के दौरान पंत जिस तरह खेल रहे थे उसे देख उन्हें ब्रैंडन मैकुलम (158) की वह पारी याद आ गई जो उन्होंने आईपीएल की पहले मैच में खेली थी। गांगुली ने अपने ट्विटर अकाउंट पर डाली पोस्ट में लिखा है कि मैंने मैकुलम को 2008 में ऐसे खेलते देखा था जैसे अब ऋषभ पंत खेल रहे हैं। क्या शानदार पारी है।