ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुक्रवार को खेले जाने वाले पर्थ टेस्ट के बाद पोंटिंग टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेंगे। पोंटिंग अब तक 167 टेस्ट खेलकर 13366 रन बना चुके हैं। टेस्ट में पोंटिंग ने 41 और वनडे में 30 शतक बनाए हैं।
पोंटिंग ने कहा, 'मैं इस फैसले पर बहुत दिनों से विचार कर रहा था। आखिर यह फैसला संन्यास के नतीजे पर पहुंचा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सीरीज में मेरा प्रदर्शन बतौर बल्लेबाज बेहतर नहीं रहा है। मुझे खुशी है मैं अपनी शर्त पर टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कर रहा हूं'।
पोंटिंग ने कहा कि यदि हम एक बार फिर से वर्ल्ड रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर लौट आते हैं तो मेरे लिए संन्यास लेने का इससे बेहतर समय कोई और नहीं होगा। पोंटिंग ने अपना टेस्ट करियर 20 साल की उम्र में वाका में श्रीलंका के खिलाफ शुरू किया था। उस मैच में पोंटिंग ने 96 रन बनाए थे और ऑस्ट्रेलिया ने यह टेस्ट एक पारी और 36 रन से जीता था।
उल्लेखनीय है कि रिकी पोंटिंग पहले ही टी-20 और वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। हालांकि टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया में घरेलू क्रिकेट टीम तस्मानिया से खेलते रहेंगे।
रिकी पोंटिंग पर एक नजरः
------मैच---रन---शतक---पचासा---सर्वाधिक स्कोर
टेस्ट---167---13,366---41---62---257
वनडे---375---13,704---30---82---164
टी-20---17---401---0---2---98