टी20 विश्व कप 2026 के लिए चुनी गई भारतीय टीम से शुभमन गिल का बाहर होना सिर्फ प्रशंसकों के लिए ही नहीं, बल्कि दिग्गज क्रिकेटरों के लिए भी हैरानी का सबब बन गया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग तक इस फैसले को सुनकर चौंक गए और उन्होंने खुलकर कहा कि उन्हें यकीन ही नहीं हुआ कि गिल जैसे खिलाड़ी को विश्व कप टीम में जगह नहीं मिली। पोंटिंग ने कहा, 'मुझे इस पर यकीन नहीं हुआ। मुझे पता है कि हाल के समय में सफेद गेंद क्रिकेट में उनका फॉर्म बहुत अच्छा नहीं रहा है, लेकिन आखिरी बार मैंने उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलते देखा था, जहां उन्होंने वैसी बल्लेबाजी की थी जैसी मैंने किसी को करते बहुत कम देखा है।'
टी20 विश्व कप टीम में शामिल नहीं हैं गिल
उल्लेखनीय है कि इस साल सात फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया का एलान कर दिया है। इस टीम में शुभमन गिल शामिल नहीं हैं। माना जा रहा है कि उनका टी20 प्रारूप में हालिया प्रदर्शन उनके लिए मुसीबत बन गया। एशिया कप के दौरान टीम में वापसी के बाद से उन्होंने 15 मैचों में सिर्फ 291 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 137.26 रहा है, जिसमें एक भी अर्धशतक या शतक शामिल नहीं है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टी20 सीरीज में भी गिल का बल्ला खामोश रहा और उन्होंने तीन मैचों में सिर्फ 32 रन बनाए, जिससे उनके चयन पर दबाव और बढ़ गया।
अगरकर ने बताई वजह
चयनकर्ताओं का मानना था कि टीम के संतुलन पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है और गिल के हालिया टी20 आंकड़े उनके पक्ष में नहीं जाते। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने टीम की घोषणा के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस फैसले के पीछे की सोच को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, 'शुभमन की गुणवत्ता पर कोई सवाल नहीं है। भले ही उन्होंने हाल में ज्यादा रन न बनाए हों, लेकिन इससे हमारे मन में उनके लिए सम्मान कम नहीं होता।' अगरकर ने बताया कि यह फैसला संयोजन को ध्यान में रखकर लिया गया है, खासकर शीर्ष क्रम में दो विकेटकीपर बल्लेबाजों को शामिल करने की रणनीति के चलते। उन्होंने आगे कहा, 'यह फैसला व्यक्तिगत क्षमता से ज्यादा टीम संतुलन को ध्यान में रखकर लिया गया है।' अब शुभमन गिल 2026 में नई शुरुआत करने की तैयारी में हैं। 11 जनवरी से शुरू हो रही न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में वह कप्तान के रूप में टीम की अगुआई करेंगे।