भारत में ऑस्ट्रेलियाई टीम के लचर प्रदर्शन पर पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस ने कहा है कि मौजूदा स्थिति में मेहमान टीम को रिकी पोंटिंग और माइकल हसी की कमी खल रही है।
जोंस ने कहा कि दोनों मैचों में ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। इस समय टीम को मध्यक्रम में पोंटिंग और हसी की अनुपस्थिति काफी खल रही है।
असमंजस में है क्लार्क
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'मध्यक्रम के फ्लॉप होने से कप्तान माइकल क्लार्क असमंजस में है कि वे किस क्रम पर बल्लेबाजी करें। उन्हें अब शायद नंबर चार पर बल्लेबाजी करने के बारे मे विचार करना होगा।'
जोंस ने कहा, 'संन्यास ले चुके हसी एक महान खिलाड़ी हैं और हमारे पास फिलहाल उनके जैसे अच्छे टेस्ट खिलाड़ी नहीं हैं जो इस स्थिति में क्लार्क की मदद कर सकें।'
51 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि क्लार्क के अलावा इस समय टीम में एक भी ऐसा बल्लेबाज नहीं है जो भारतीय स्पिनरों के सामने टिक सके। ओपनर ईडी कोवान और डेविड वॉर्नर कोई कमाल नहीं कर पा रहे हैं जबकि शेन वाटसन और फिलिप ह्यूज ने भी अपनी खराब पारियों से निराश किया है।
अभ्यास की रही कमी
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने कहा कि पिछले साल इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से काफी पहले आकर यहां अभ्यास किया था और खुद को परिस्थितियों के अनुकूल ढाला था। इंग्लैंड ने सीरीज में 2-1 से जीत दर्ज की थी।
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी यहां की परिस्थितियों में खुद को ढालने के लिए पहले अभ्यास करना चाहिए था। पूर्व क्रिकेटर ने ऑस्ट्रेलियाई टीम पर नाराजगी जताते हुए कहा, 'हमारे खिलाड़ियों ने इतने महत्वपूर्ण दौरे से पहले खुद को बिल्कुल तैयार नहीं किया है।'
जोंस ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद वे सीधे भारत दौरे पर आ गए। हमारे खिलाड़ी शारीरिक ही नहीं मानसिक रूप से भी आर अश्विन जैसे महान स्पिनरों के खिलाफ तैयार नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में उनकी हार स्वभाविक है।'