फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Womens World Cup: हरमनप्रीत ने शीर्ष क्रम को ठहराया जिम्मेदार तो ऋचा ने कप्तान पर ही किया पलटवार! कही यह बात

Fri, 10 Oct 2025 01:08 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, विशाखापत्तनम

सार

मैच के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम के शीर्ष क्रम (टॉप ऑर्डर) को कठोर शब्दों में लताड़ लगाई। हालांकि, अब ऋचा घोष ने शीर्ष क्रम का बचाव किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा...
विज्ञापन
ऋचा घोष - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष ने वनडे विश्व कप में टीम के शीर्ष क्रम की बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन का बचाव किया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली तीन विकेट की हार के बाद घोष ने कहा कि एक मैच के आधार पर किसी खिलाड़ी का मूल्यांकन नहीं किया जा सकता। इससे पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर ने हार का ठीकरा शीर्ष क्रम पर फोड़ा था।
विज्ञापन

उन्होंने कहा, 'हमारे शीर्ष क्रम के सभी खिलाड़ी अच्छे हैं। एक मैच से उनका आंकलन नहीं किया जा सकता। क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है। हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना हमारा काम है। आप हमेशा शीर्ष क्रम पर दोष नहीं मढ़ सकते।' अब सभी की नजरें रविवार को होने वाले भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच पर हैं, जो टीम के लिए टूर्नामेंट में वापसी का सुनहरा मौका साबित हो सकता है।

हरमनप्रीत ने शीर्ष क्रम पर फोड़ा था ठीकरा
मैच के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम के शीर्ष क्रम (टॉप ऑर्डर) को कठोर शब्दों में लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी नहीं ली और इसी कारण टीम को जीत से हाथ धोना पड़ा। हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा, 'हमने टॉप ऑर्डर के रूप में जिम्मेदारी नहीं ली। हमें चीजें बदलनी होंगी और अच्छे स्कोर बनाने होंगे। टूर्नामेंट लंबा है, इसलिए सकारात्मक रहना होगा। यह कठिन मैच था, लेकिन इससे बहुत कुछ सीखने को मिला।'

शुरुआती झटकों के बाद ऋचा की शानदार पारी
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक समय छह विकेट पर सिर्फ 102 रन बना लिए थे। प्रतीका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गईं। इस मुश्किल स्थिति में ऋचा घोष ने 94 रन की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को 251 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। घोष ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ साझेदारी कर पारी को संभाला और भारत को मुकाबले में बनाए रखा।

दक्षिण अफ्रीका की मजबूत वापसी
हालांकि, दक्षिण अफ्रीका की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया और अंततः तीन विकेट से जीत दर्ज की। ऋचा घोष ने माना कि मैच के दौरान एक समय भारत के पास नियंत्रण था, लेकिन क्रांति के ओवर में नादिन डी क्लार्क द्वारा लगाए गए एक छक्के और एक चौके ने मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि क्रांति के ओवर में टर्निंग पॉइंट आया। नादिन डी क्लार्क के एक छक्के और चौके ने वाकई पासा पलट दिया। बाकी सब कुछ नियंत्रण में था।'
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया मुकाबले से पहले आत्मविश्वास बरकरार
ऋचा घोष ने कहा कि टीम इस हार की समीक्षा करेगी, लेकिन इससे खिलाड़ियों के आत्मविश्वास पर कोई असर नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा, 'हम अपने प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे और यह समझेंगे कि कहां सुधार की जरूरत है। हम सकारात्मक बने रहेंगे और इस मैच से सीख लेकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले मुकाबले में बेहतर खेल दिखाने की कोशिश करेंगे।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें