मौजूदा समय में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) भारतीय खिलाड़ियों को विदेशों में लीग में भाग लेने से रोकता है। हालांकि, सऊदी अरब सरकार के एक नए टी20 लीग को स्थापित करने के प्रस्ताव से भारतीय बोर्ड इस मामले पर अपना रुख बदल सकता है। द एज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, करीब एक साल से इस विषय पर बातचीत चल रही है, लेकिन कुछ भी पक्का होने से पहले लीग को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा स्वीकृत करने की आवश्यकता होगी। हाल ही में ICC के अध्यक्ष ग्रेग बार्कले ने क्रिकेट में सऊदी अरब की रुचि की पुष्टि की थी।
उन्होंने कहा था- यदि आप अन्य खेलों को देखें, जिसमें वे शामिल रहे हैं तो मुझे लगता है कि क्रिकेट उनके लिए आकर्षक होगा। आम तौर पर खेल में उनकी उन्नति को देखते हुए सऊदी अरब के लिए क्रिकेट काफी अच्छा काम करेगा। बार्कले ने कहा- वे क्रिकेट में निवेश करने के लिए काफी उत्सुक हैं। सऊदी अरब क्रिकेट फेडरेशन के अध्यक्ष प्रिंस सऊद बिन मिशाल अल-सऊद ने पिछले महीने अरब न्यूज को बताया था- हमारा उद्देश्य किंगडम में रहने वाले स्थानीय लोगों और प्रवासियों के लिए एक स्थायी उद्योग बनाना और सऊदी अरब को एक वैश्विक क्रिकेट गंतव्य बनाना है।
रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी सरकार और व्यवसायों के कई प्रतिनिधियों को भारत की क्रिकेट गतिविधियों के आसपास देखा गया है। वह आईपीएल मालिकों और खुद बीसीसीआई को उनकी नियोजित टी20 लीग में शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं। भविष्य में सऊदी अरब में एशिया कप टूर्नामेंट आयोजित हो सकता है। इसके अलावा आईपीएल का उद्घाटन मैच या कुछ मैचों को भी वहां आयोजित किया जा सकता है।