आईपीएल 2025 में कुछ दिनों के अप्रत्याशित ब्रेक ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ियों को फिर से तरोताजा होने का मौका दिया है। वहीं, कुछ अनफिट खिलाड़ी भी फिट होकर वापस लौट आए हैं। ऐसा कहना है आरसीबी के मुख्य कोच एंडी फ्लावर का। फ्लावर ने कहा है कि लंबे ब्रेक से उनकी टीम की लय नहीं बिगड़ी है बल्कि इससे कप्तान रजत पाटीदार समेत कुछ खिलाड़ियों को प्लेऑफ से पहले फिट होने का मौका मिला है।
पाटीदार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ घरेलू मैच के दौरान अंगुली में चोट लगी थी। इस बीच भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव के कारण आईपीएल एक सप्ताह के लिए स्थगित हो गया था। फ्लावर ने कहा, 'हम ब्रेक को लेकर चिंतित नहीं हैं । पूरे सत्र में टीम ने काफी मेहनत की है और अब तक शानदार खेल दिखाया है। इस ब्रेक से कुछ खिलाड़ियों को फिट होने का मौका मिल गया।'
कोहली और सॉल्ट
- फोटो : PTI
आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच 17 मई का मैच बारिश के कारण धुल गया था जिससे ब्रेक और लंबा हो गया। फ्लावर ने कहा, 'अब पाटीदार बल्लेबाजी के लिये फिट हैं जो अच्छी बात है । सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट भी बीमार थे, लेकिन ब्रेक में उन्हें भी फिट होने का मौका मिला और अब वह पूरे तरोताजा होकर खेलने के लिए तैयार हैं।'
आरसीबी को अब सारे मैच अपने मैदान से बाहर खेलने हैं और कोच ने कहा कि टीम इस चुनौती के लिए तैयार है। बेंगलुरू में बारिश के कारण सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच लखनऊ में कराया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'हम निराश हैं कि कल का मैच बेंगलुरू में नहीं खेल रहे हैं । दूसरे मैदानों पर हमारा रिकॉर्ड शानदार है और हमें उम्मीद है कि टीम अच्छा खेलेगी।' बेंगलुरु के पास लीग राउंड को शीर्ष पर रहते हुए खत्म करने का मौका है। हालांकि, इसके लिए टीम को दोनों मैच जीतने होंगे। सनराइजर्स के बाद आरसीबी का मुकाबला एलएसजी से लखनऊ में ही है।