अपने अभियान को वापस राह पर लाने के लिए जुटी किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर की टीम सोमवार को आमने-सामने होंगी। आईपीएल-9 में दोनों टीमों को संघर्ष करना पड़ रहा है। बंगलोर की टीम शनिवार को राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के खिलाफ सात विकेट से शानदार जीत हासिल कर लगातार तीन हार के सिलसिले को तोड़ा।
अपने उम्मीदों को कायम रखने के लिए बंगलोर के लिए यह जीत जरूरी भी थी। जबकि किंग्स इलेवन पंजाब ने दिल्ली डेयरडेविल्स को नौ रन से हराकर नौ मैचों में अपनी केवल तीसरी जीत दर्ज की है। पंजाब की टीम अंकतालिका में सबसे नीचे चल रही है और बंगलोर आठ मैचों में छह अंकों के साथ उससे सिर्फ एक स्थान ऊपर है।
इस मोड़ पर दोनों में से कोई टीम हार वहन नहीं कर सकती और दोनों टीमों की कोशिश अपने रिदम को कायम रखने की होगी। पंजाब के लिए यह काम आसान नहीं होगा क्योंकि आरसीबी की बल्लेबाजी लाइन अप में कप्तान विराट कोहली के अलावा क्रिस गेल, एबी डीविलियर्स, शेन वाटसन जैसे खिलाड़ी हैं। सोमवार को एक बार फिर निगाहें आरसीबी के विराट कोहली पर होंगी जोकि इस सीजन में सर्वाधिक रन (541) बनाकर बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं।