रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस के बीच 24 अप्रैल को आईपीएल 2026 का 34वां मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुक्रवार को होगा। मौजूदा चैंपियन आरसीबी ने अपने शुरुआती दो मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज की। इसके बाद उसे राजस्थान रॉयल्स के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। अगले दो मुकाबले मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स के विरुद्ध जीतने के बाद इस टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
बेहतरीन रहा है आरसीबी का प्रदर्शन
इस सीजन में अपने घर पर पहली हार का सामना करने के बावजूद आरसीबी आईपीएल 2026 की बेहतरीन टीमों में से एक रही है। यह टीम एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने आखिरी घरेलू मैच में जोरदार वापसी करने का लक्ष्य रखेगी। इस मैच के बाद उन्हें अपने लीग-चरण के बाकी दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलने हैं। मौजूदा चैंपियन आरसीबी को यह बात अच्छी तरह से पता होगी कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ कमजोर प्रदर्शन से उसकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं क्योंकि उसे अब अपने अधिकतर मैच विरोधी टीम के मैदान पर खेलने हैं।
वापसी की कोशिश में गुजरात
दूसरी ओर, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लगातार दो मुकाबले गंवाने के बाद गुजरात ने दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले जीते। इसके बाद उसे मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 99 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के साथ उनकी लगातार तीन जीत का सिलसिला टूट गया। यह टीम जल्द से जल्द वापसी करने के लिए बेताब होगी। हालांकि, आईपीएल के सबसे चुनौतीपूर्ण मैदानों में से एक पर जीत हासिल करना उनके लिए एक बड़ी परीक्षा होगी।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक का आमने-सामने का रिकॉर्ड बराबरी का रहा है। अब तक खेले गए छह मुकाबलों में दोनों टीमों ने तीन-तीन मैच जीते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम इस मैच में बाजी मारकर आगे निकलती है।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
आरसीबी: फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रासिख सलाम।
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, अशोक शर्मा।
हम यहां आपको आरसीबी और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं...
आरसीबी और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच कब खेला जाएगा?
आरसीबी और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच 24 अप्रैल यानी शुक्रवार को खेला जाएगा।
आरसीबी और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां खेला जाएगा?
आरसीबी और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच बंगलूरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
आरसीबी और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच कितने बजे से खेला जाएगा?
आरसीबी और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7:00 बजे होगा।
आरसीबी और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां देख पाएंगे?
आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर होगी। आप Amarujala.com पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।